Bareilly News : शैडोफैक्स की फ्रेंचाइजी का झांसा दे सात लाख ठगे
छह के खिलाफ मुकदमा, ऑनलाइन विज्ञापन देख किया था संपर्क, रजिस्ट्रेशन और एग्रीमेंट के बाद कैंसिलेशन के नाम पर भी वसूले रुपये
बरेली, अमृत विचार। किला क्षेत्र निवासी युवक को शैडोफैक्स कंपनी की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर सात लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम थाने में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
किला थाना क्षेत्र के कुंवरपुर निवासी मेहुल कुमार ने बताया कि 30 मार्च को उन्होंने शैडोफैक्स कंपनी की फ्रेंचाइजी संबंधी ऑनलाइन विज्ञापन देख आवेदन किया। इसके बाद कंपनी के कथित कोऑर्डिनेटर विकास जैन ने उनसे संपर्क किया और ईमेल के माध्यम से कंपनी का प्रोस्पेक्टस भेजा। उनसे कहा गया कि प्रिंट निकालकर हस्ताक्षर करने के बाद वापस करना होगा। प्रोस्पेक्टस में फ्रेंचाइजी शुल्क दो लाख पांच हजार रुपये दर्शाया गया था। यह भी बताया गया कि फ्रेंचाइजी समाप्त करने पर 90 प्रतिशत धनराशि वापस कर दी जाएगी। विकास जैन की बातों पर भरोसा कर 25,500 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क के रूप में ऑनलाइन जमा कर दिए।इसके बाद कार्यालय के लिए तय स्थान के फोटो और वीडियो भेज दिया। बाद में एग्रीमेंट के नाम पर 97 हजार रुपये और जमा करा लिए गए। इसके बाद कंपनी की ओर से सुनील कश्यप को मैनेजर नियुक्त किए जाने की जानकारी दी गई।
मेहुल ने बताया कि 13 अप्रैल को उन्होंने मैनेजर से संपर्क कर फ्रेंचाइजी समाप्त करने और धनराशि वापस करने की बात कही। कंपनी की ओर से फ्रेंचाइजी रद्द करने की बात तो स्वीकार कर ली गई, लेकिन कैंसिलेशन प्रक्रिया के लिए 77 हजार रुपये और जमा कराने को कहा गया। यह भी आश्वासन दिया गया कि जुलाई तक पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। इस तरह उससे कुल सात लाख रुपये ले लिए गए। साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने मैनेजर सुनील कुमार, विशाल शर्मा, ऋतिक राज, वंश आहूजा, कुनाल शोकीन और विकास जैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
