मुरादाबाद की पीतल निर्यात फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का माल खाक; 10 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

दिल्ली रोड स्थित निर्यात फर्म में देर रात भड़की आग, दो घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

मुरादाबाद के दिल्ली रोड स्थित पीतल निर्यात फर्म में देर रात भीषण आग लग गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद 10 दमकल वाहनों ने आग पर काबू पाया। हादसे में लाखों रुपये का माल जल गया, जबकि 12 लग्जरी कारों को सुरक्षित बचा लिया गया।

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दिल्ली रोड स्थित एक पीतल निर्यात फर्म में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये का तैयार और कच्चा माल जलकर नष्ट हो गया। करीब दो घंटे तक चले राहत अभियान के बाद 10 दमकल वाहनों और लगभग 100 अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान फैक्ट्री परिसर में खड़ी 12 लग्जरी कारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली रोड पर सर्किट हाउस के सामने स्थित निर्यात नगर में कन्हैयालाल निर्मल कुमार ओवरसीज नामक पीतल निर्यात फर्म में आधी रात के करीब अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री की दूसरी मंजिल समेत पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगने से फैक्ट्री में तैयार पीतल की ट्रॉफियां, कच्चा माल और अन्य तैयार उत्पाद जलकर राख हो गए। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंवर आकाश सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजीव कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। आग की गंभीरता को देखते हुए मुरादाबाद के अलावा कांठ, बिलारी और ठाकुरद्वारा से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। कुल 10 दमकल वाहनों और करीब 100 अग्निशमन कर्मियों ने संयुक्त अभियान चलाकर करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया।

दमकल कर्मियों की सतर्कता से बचीं 12 महंगी लग्जरी कार

दमकल कर्मियों की सतर्कता से फैक्ट्री परिसर में खड़ी 12 महंगी लग्जरी कारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि फैक्ट्री के अंदर रखा भारी मात्रा में तैयार और कच्चा माल पूरी तरह जल गया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच में जुटे हैं।

संबंधित समाचार