FIFA World Cup 2026: अर्जेंटीना का फाइनल टिकट पक्का, इंग्लैंड का 60 साल पुराना सपना टूटा
एन्जो और लोटारो के गोल से रोमांचक मुकाबले में मिली 2-1 की जीत, अब स्पेन से होगी खिताबी जंग
अटलांटा। फुटबॉल के मैदान पर एक बार फिर अर्जेंटीना ने अपनी बादशाहत साबित कर दी। रोमांच से भरपूर सेमीफाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर विश्वकप फाइनल में जगह बना ली। एन्जो फर्नांडेज और लोटारो मार्टिनेज के शानदार गोलों ने अर्जेंटीना के खिताबी सपने को जिंदा रखा है। अब फाइनल में उसका सामना यूरोपीय चैंपियन स्पेन से होगा।
इंग्लैंड की बढ़त पर अर्जेंटीना का पलटवार
अटलांटा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। दूसरे हाफ की शुरुआत में एंथनी गॉर्डन ने गोल कर इंग्लैंड को बढ़त दिला दी। इस गोल के बाद ऐसा लगने लगा कि 1966 के बाद पहली बार फाइनल में पहुंचने का इंग्लैंड का लंबा इंतजार खत्म हो जाएगा। लेकिन विश्व चैंपियन अर्जेंटीना ने हार नहीं मानी और लगातार हमले शुरू कर दिए। इंग्लैंड के गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड ने कई शानदार बचाव किए, लेकिन अर्जेंटीना के खिलाड़ियों का दबाव आखिरकार रंग लाया।
85वें मिनट में एन्जो ने बदला मैच का रुख
मैच के 85वें मिनट में एन्जो फर्नांडेज ने करीब 20 गज की दूरी से ऐसा शानदार शॉट लगाया, जिसने इंग्लैंड की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया और अर्जेंटीना को बराबरी पर ला खड़ा किया। इसके बाद मुकाबला और भी रोमांचक हो गया। दोनों टीमें जीत के लिए पूरा जोर लगा रही थीं।
मेसी के जादुई पास पर लोटारो ने दिलाई जीत
स्टॉपेज टाइम के दूसरे मिनट में अर्जेंटीना को वह पल मिला, जिसका उसके करोड़ों प्रशंसक इंतजार कर रहे थे। कप्तान लियोनेल मेसी के शानदार क्रॉस पर लोटारो मार्टिनेज ने हेडर से गोल कर अर्जेंटीना को 2-1 की बढ़त दिला दी। आखिरी सीटी बजते ही अर्जेंटीना के खिलाड़ी और प्रशंसक जश्न में डूब गए, जबकि इंग्लैंड का 60 साल बाद फाइनल खेलने का सपना एक बार फिर अधूरा रह गया।
अब स्पेन से होगी खिताबी भिड़ंत
इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने लगातार दूसरी बार विश्वकप खिताब जीतने की उम्मीदों को मजबूत कर लिया है। अब न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में होने वाले फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा। फुटबॉल प्रेमियों को इस महामुकाबले का बेसब्री से इंतजार है।
विश्वकप में वापसी के बादशाह बने मेस्सी
लियोनेल मेस्सी और अर्जेंटीना ने मौजूदा विश्व कप में अंतिम मिनटों में वापसी करने का नया इतिहास रचकर दिखा दिया कि उनकी टीम कभी हार नहीं मानती। अर्जेंटीना की टीम सेमीफाइनल में यहां इंग्लैंड के खिलाफ शुरू में पीछे चल रही थी लेकिन आखिर में वह 2-1 से विजयी रही। इस तरह से मौजूदा चैंपियन ने अंतिम क्षणों में नाटकीय वापसी करने की लंबी सूची में एक और अध्याय जोड़ दिया है। अब अर्जेंटीना रविवार को फाइनल में स्पेन से भिड़ेगा।
नॉकआउट राउंड में की वापसी
ग्रुप चरण में मेस्सी के शानदार प्रदर्शन से अर्जेंटीना ने अपने तीनों मैच जीते लेकिन नॉकआउट चरण में उसने प्रत्येक मैच में पिछड़ने के बाद वापसी की। केप वर्दे के खिलाफ अर्जेंटीना एक समय पीछे चल रहा था। उसने अतिरिक्त समय में दो गोल करके जीत हासिल की। लिसैंड्रो मार्टिनेज ने 92वें मिनट में गोल करके अर्जेंटीना को 2-1 की बढ़त दिलाई। इसके बाद मेस्सी ने कॉर्नर किक से एक शानदार पास दिया जो 111वें मिनट में आत्मघाती गोल में तब्दील हो गया। इसी गोल ने अर्जेंटीना को 3-2 से जीत दिलाई।
मिस्र के खिलाफ अर्जेंटीना का मैच 'करो या मारो' वाला
मिस्र के खिलाफ अंतिम 16 के मैच में तो अर्जेंटीना का बाहर होना लगभग तय लग रहा था। मिस्र दूसरे हाफ के स्टॉपेज टाइम से ठीक 11 मिनट पहले तक 2-0 से आगे था। लेकिन फिर टूर्नामेंट में सबसे रोमांचक वापसी देखने को मिली। क्रिस्टियन रोमेरो ने 79वें मिनट में गोल किया, मेस्सी ने चार मिनट बाद दूसरा गोल दागा और एन्ज़ो फर्नांडीज़ ने स्टॉपेज टाइम के दो मिनट बाद निर्णायक गोल दाग दिया।
स्विट्जरलैंड के खिलाफ भी टीम को पड़ा था जूझना
स्विट्जरलैंड के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में भी अर्जेंटीना को जीत हासिल करने के लिए अतिरिक्त समय तक जूझना पड़ा। जूलियन अल्वारेज़ ने 112वें मिनट में निर्णायक गोल दागा। इसके बाद अंतिम क्षणों में लोटारो मार्टिनेज़ ने गोल करके अर्जेंटीना की टीम को 3-1 की जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। और अब इंग्लैंड के खिलाफ फिर से उसने इसी तरह से वापसी की। अर्जेंटीना की अंतिम क्षणों में गोल करने की महारत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसने अभी तक जो 19 गोल किए हैं उनमें से 11 गोल मैच के 79वें मिनट या उसके बाद किए हैं।
