27 साल से अजेय है टीम इंडिया! आज ब्रिस्टल में टूटेगा रिकॉर्ड या बनेगा नया इतिहास?
भारत-इंग्लैंड टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में, इसी मैदान पर सचिन, द्रविड़ और रोहित शर्मा रच चुके हैं यादगार इतिहास
डिजिटल डेस्कः भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में खेला जाएगा। इस मैदान से भारतीय क्रिकेट की कई सुनहरी यादें जुड़ी हैं। सबसे खास बात यह है कि टीम इंडिया ने अब तक यहां खेले गए किसी भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में हार का सामना नहीं किया है।
ब्रिस्टल में भारत ने अब तक चार अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें तीन वनडे और एक टी20 शामिल है। भारतीय टीम ने चारों मुकाबलों में जीत दर्ज कर अजेय रिकॉर्ड कायम रखा है। यही शानदार इतिहास आज टीम इंडिया के आत्मविश्वास को और मजबूत बना रहा है।
ब्रिस्टल में हमेशा गरजा भारतीय बल्लेबाजों का बल्ला
ब्रिस्टल का मैदान भारतीय बल्लेबाजों के लिए बेहद खास रहा है। यहां भारत की ओर से अब तक चार अंतरराष्ट्रीय शतक लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा 99 रन की एक यादगार पारी भी इसी मैदान पर खेली गई थी।
1999 विश्व कप में सचिन-द्रविड़ की ऐतिहासिक साझेदारी
ब्रिस्टल में भारत का पहला मुकाबला 1999 विश्व कप के दौरान केन्या के खिलाफ खेला गया था। इस मैच में सचिन तेंदुलकर ने 140 रन की शानदार पारी खेली, जबकि राहुल द्रविड़ ने नाबाद 104 रन बनाए। दोनों की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 94 रन से जीत दर्ज की।
2002 में फिर चला सचिन का बल्ला
नेटवेस्ट सीरीज के दौरान श्रीलंका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सचिन तेंदुलकर ने एक बार फिर शतक जड़ा। उन्होंने 113 रन बनाए और भारत ने 304 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। आखिर में भारतीय टीम ने यह मुकाबला 63 रन से अपने नाम किया।
2007 में शतक से एक कदम दूर रह गए सचिन
इंग्लैंड दौरे पर खेले गए वनडे मैच में सचिन तेंदुलकर ने 99 रन की शानदार पारी खेली। वह सिर्फ एक रन से शतक बनाने से चूक गए। वहीं राहुल द्रविड़ ने नाबाद 92 रन बनाए। भारत ने यह मुकाबला नौ रन से जीत लिया।
2018 में रोहित शर्मा ने दिलाई यादगार टी20 जीत
ब्रिस्टल में भारत का अब तक का एकमात्र टी20 मुकाबला वर्ष 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला गया था। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 198 रन बनाए थे। जवाब में रोहित शर्मा ने नाबाद शतक लगाकर भारत को महज 18.4 ओवर में शानदार जीत दिलाई थी।
क्या आज मिलेगा ब्रिस्टल का नया शतकवीर?
ब्रिस्टल का इतिहास भारतीय बल्लेबाजों के पक्ष में रहा है। सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा इस मैदान पर अपनी अमिट छाप छोड़ चुके हैं। अब क्रिकेट प्रेमियों की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या आज कोई नया भारतीय बल्लेबाज शतक लगाकर इस ऐतिहासिक सूची में अपना नाम दर्ज करेगा।
भारत के लिए यह मुकाबला सिर्फ सीरीज में मजबूत स्थिति बनाने का अवसर नहीं, बल्कि पिछले 27 वर्षों से कायम ब्रिस्टल के अजेय रिकॉर्ड को बरकरार रखने की चुनौती भी है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि आज इस मैदान पर नया हीरो कौन बनता है।
