Kanwar Yatra 2026: मुजफ्फरनगर में ट्रैफिक प्लान लागू, 30 जुलाई से भारी वाहनों पर रोक, 4 से 12 अगस्त तक सभी वाहन प्रतिबंधित

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए मुजफ्फरनगर प्रशासन ने नई यातायात व्यवस्था लागू की है। 30 जुलाई से दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग और गंगा नहर मार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी, जबकि 4 से 12 अगस्त तक सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।

मुजफ्फरनगर: कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। प्रशासन के अनुसार, यात्रा के दौरान दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग और गंगा नहर मार्ग पर चरणबद्ध तरीके से वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।

30 जुलाई से भारी वाहनों की एंट्री बंद

पुलिस अधीक्षक (यातायात) अतुल कुमार चौबे ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुचारू और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए 30 जुलाई से दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग तथा गंगा नहर मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।

4 से 12 अगस्त तक सभी वाहनों पर प्रतिबंध

प्रशासन के अनुसार, 4 अगस्त से 12 अगस्त तक दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग और गंगा नहर मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने गृह नगरों के शिव मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। 

कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगा हाईवे का हिस्सा

पुलिस अधीक्षक (यातायात) अतुल कुमार चौबे ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा केवल कांवड़ियों के आवागमन के लिए आरक्षित रहेगा। 

30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलेगी कांवड़ यात्रा

इस वर्ष कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होगी। इस दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने शहरों और गांवों के शिव मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।

प्रमुख घाटों पर तैनात होंगे प्रशिक्षित गोताखोर

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुजफ्फरनगर जिले में गंगा नहर मार्ग के सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस के प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की जाएगी। इसका उद्देश्य स्नान और जल भरने के दौरान किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव सुनिश्चित करना है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने और यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की है।

यह भी पढ़ेंः Kanwar Yatra 2026: बागपत पुलिस की सख्ती, DJ की ऊंचाई-आवाज तय, हथियार और मॉडिफाइड साइलेंसर पर पूरी तरह रोक

संबंधित समाचार