CM Vijay Birthday: तमिलनाडु के सीएम थलापति विजय का 52वां जन्मदिन, पीएम मोदी, राहुल गांधी और खरगे ने दीं शुभकामनाएं
चेन्नई/दिल्ली: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और 'तमिलगा वेत्री कझगम' (TVK) के प्रमुख थिरु सी. जोसेफ विजय (थलापति विजय) सोमवार को अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के दिग्गजों, समर्थकों और शुभचिंतकों की ओर से उन्हें लगातार बधाई संदेश मिल रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय को जन्मदिन की बधाई दी। पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा, "तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थिरु सी. जोसेफ विजय जी को जन्मदिन की बधाई। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं।"
विपक्ष ने नेता राहुल गांधी और वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मुख्यमंत्री थलापति विजय को उनके 52वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। राहुल गांधी ने अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री विजय के उत्तम स्वास्थ्य और उनके सभी भावी प्रयासों में सफलता की कामना की। उन्होंने आगे कहा कि वह तमिल लोगों के अधिकारों, सम्मान, आकांक्षाओं की रक्षा और तमिलनाडु के विकास के सफर में मुख्यमंत्री विजय के साथ मजबूती से खड़े हैं।
मल्लिकार्जुन खरगे की शुभकामनाएं
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सीएम विजय को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में किए जा रहे प्रयास तमिलनाडु के लोगों की प्रगति और जनकल्याण को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे। खरगे ने उनके अच्छे स्वास्थ्य, सुखद जीवन और सार्वजनिक जीवन में एक उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री थलापति विजय के इस जन्मदिन पर पूरे तमिलनाडु में उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है और सुबह से ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
ये भी पढ़ें :
भारत-अमेरिका की बड़ी रक्षा डील, भारत को मिलेंगे अपाचे और होवित्जर तोपों के कलपुर्जे और टेक्निकल सपोर्ट
