Bareilly News : बरेली वालों की पहली पसंद बनी काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस
हर फेरे में 1200 से ज्यादा यात्री कर रहे सफर
बरेली, अमृत विचार। बरेली से मुंबई जाने के लिए यूं तो तीन ट्रेनें हैं, मगर इन दिनों काठगोदाम मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस यात्रियों की पहली पसंद बन चुकी है। हर फेरे में करीब 1200 के आसपास यात्री सफर कर रहे हैं। स्पेशल ट्रेन होने की वजह से किराया ज्यादा था। लिहाजा यात्री नियमित ट्रेनों बरेली-लोमान्य तिलक टर्मिनस व रामनगर-बांद्रा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में सफर करना ज्यादा पसंद करते थे, मगर अब इस ट्रेन के नियमित होने से किराए में कमी आई है और ट्रेन में सफर करने वालों की तादाद भी बढ़ी है।
काठगोदाम से मुंबई सेंट्रल के बीच समर स्पेशल ट्रेन का संचालन रेलवे ने शुरू किया था। बीते दिनों जिसका नंबर बदलकर रेलवे ने नियमित कर दिया था। नंबर बदलने के बाद बरेली से मुंबई तक का किराया सेकेंड एसी में 2890 से घटकर 2500 रुपये, स्लीपर में 840 से घटकर 695 रुपये, एसी थ्री में 2100 से घटकर 1765 हो गया है। यानी स्लीपर में 145, एसी थ्री में 335 व एसी टू में 390 रुपये तक किराया कम हुआ है। 21907 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट हर बुधवार को मुंबई सेंट्रल से व 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट हर बृहस्पतिवार को काठगोदाम से रवाना होती है।
रेल के साथ बच रहा टैक्सी का किराया
यूं तो मुंबई की दूसरी नियमित ट्रेनों के बराबर काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस का किराया आ गया है, मगर यात्रियों की पहली पसंद इसलिए बनी क्योंकि ये ट्रेन मुंबई के सबसे प्रमुख स्टेशन मुंबई सेंट्रल तक जाती है। मुंबई सेंट्रल दक्षिण मुंबई का स्टेशन है, जहां बरेली से जाने वालों की तादाद ज्यादा है। बाकी दो ट्रेनें मुंबई के उपनगरों कुरला व बांद्रा जाती हैं। यहां से मुंबई महानगर आने में यात्रियों को टैक्सी का किराया 500 से 1000 रुपये तक देना पड़ जाता है।
काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस के नियमित होने से किराया भी कम हुआ है। किराया कम होने से ट्रेन मंडल की अधिक यात्री देने वाली ट्रेनों में शुमार हो चुकी है। पहले के मुकाबले यात्रियों की संख्या बढ़ी है। -संजीव शर्मा, सीनियर डीसीएम, इज्जतनगर रेल मंडल।
