Prayagraj News : जघन्य अपराध पर सख्त हुए सिद्धार्थनाथ, कहा- दोषियों को करनी का फल जरूर मिलेगा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के पूर्व मंत्री एवं शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि जिले के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में बच्ची से दुष्कर्म के आरोपियों को अपनी करनी का फल भुगतना होगा।

उन्होने मामले के मुख्य आरोपी मुशर्रफ के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने की कार्रवाई का स्वागत करते हुये कहा कि इस मामले में फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश सरकार और प्रयागराज पुलिस जल्द ही शेष आरोपियों को पकड़कर उनके विरुद्ध भी कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई करेगी।

उल्लेखनीय है कि सिद्धार्थनाथ सिंह रविवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मामले में पुलिस कार्रवाई में हुई देरी पर नाराजगी भी जताई थी। भाजपा विधायक ने कहा कि नाबालिग हिंदू बच्ची के साथ जघन्य अपराध करने वालों को उनके कृत्य का परिणाम मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी मुशर्रफ के दोनों पैरों में गोली लगी है, जबकि उसके तीन सहयोगी अभी भी फरार हैं। पीड़ित परिवार द्वारा आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग के संबंध में पूछे जाने पर सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि कानून के प्रावधानों के अनुरूप दुष्कर्म के आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। 

'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही सरकार

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व वाली सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर कार्य कर रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में हाल में हुई पुलिस मुठभेड़ों के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले अपराध की घटनाओं को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया जाता है, लेकिन उत्तर प्रदेश पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

उन्होंने कहा कि यदि कोई अपराध करेगा, विशेषकर मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध करेगा, तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि चाहे मुठभेड़ हो या कोई अन्य कार्रवाई, पुलिस कानून के दायरे में रहकर अपना कार्य करती रहेगी। 

संबंधित समाचार