जौनपुर दूल्हा हत्याकांड : रामधनी विंद हाउस अरेस्ट, आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट ने की कडी निंदा
दूल्हा हत्याकांड के मृतकों की श्रद्धांजलि सभा में जाने से रोके जाने का आरोप, लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का लगाया आरोप
लखनऊ, अमृत विचार। ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट (एआईपीएफ) ने भारतीय मानव समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष केवट रामधनी बिंद को कथित तौर पर हाउस अरेस्ट किए जाने की कड़ी निंदा की है। संगठन का आरोप है कि उन्हें आजाद बिंद (दूल्हा हत्याकांड) और सौम्या बिंद की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने से रोकने के लिए नजरबंद किया गया।
एआईपीएफ की राज्य कार्यसमिति की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में पुलिस प्रशासन बेलगाम होता जा रहा है। संगठन का आरोप है कि एनकाउंटर और हाफ एनकाउंटर के नाम पर कानून के शासन को कमजोर किया जा रहा है, जबकि इस प्रकार की कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट भी समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी कर चुके हैं।
लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप
बयान में कहा गया कि प्रदेश में दलित, अति पिछड़े और गरीब वर्गों पर लगातार हमले हो रहे हैं। इन घटनाओं के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने और लोकतांत्रिक गतिविधियों में भाग लेने की अनुमति भी लोगों को नहीं दी जा रही है। संगठन ने कहा कि श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने से लोगों को रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
सरकार से नजरबंदी समाप्त करने की मांग
ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट ने राज्य सरकार से मांग की है कि भारतीय मानव समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामधनी बिंद की कथित नजरबंदी तत्काल समाप्त की जाए और उन्हें लोकतांत्रिक गतिविधियों में भाग लेने का पूरा अवसर दिया जाए।
