पर्यावरण दिवस पर यूपी के जिलों में कार्यक्रम, सीएम योगी के जन्मदिन पर 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ जंक्शन पर पर्यावरण के प्रति किया जागरूक

Untitled design (10)

विश्व पर्यावरण दिवस पर पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्टेशन परिसर में स्वच्छता कार्यों में प्रयुक्त मशीनों और उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई। यात्रियों को प्लास्टिक के स्थान पर मिट्टी के बर्तनों, कुल्हड़ों और जूट उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। 

स्काउट्स एवं गाइड्स ने नुक्कड़ नाटक से वृक्ष संरक्षण, जल बचत और प्लास्टिक मुक्त जीवन का संदेश दिया। पर्यावरण और स्वच्छता पखवाड़े में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को डीआरएम गौरव अग्रवाल ने भी सम्मानित किया। मंडल के गोंडा जंक्शन, खलीलाबाद और बस्ती स्टेशनों पर भी ऐसे कार्यक्रम हुए। अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह और अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू भी मौजूद रहीं। उधर, अवध रनिंग रूम में आयोजित फैमिली संरक्षा सेमिनार में लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर और रनिंग स्टाफ ने कार्यस्थल की चुनौतियों, स्वास्थ्य और पारिवारिक सहयोग पर विचार साझा किए।

लखनऊ में बढ़ा 2.82 वर्ग किमी ग्रीन कवर

Untitled design (11)

वन विभाग का दावा है कि लखनऊ में हरित क्षेत्र का विस्तार हुआ है। लगभग 2.82 वर्ग किलोमीटर अतिरिक्त हरियाली के साथ लखनऊ प्रदेश के प्रमुख हरित शहरों में जगह बनाने में सफल रहा है। करीब 631 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल वाले लखनऊ में पांच वर्ष में विभिन्न हिस्सों में ग्रीन बेल्ट का विस्तार हुआ है। ये उपलब्धि आम नागरिकों, पर्यावरण प्रेमियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी से मिली है। पौधरोपण अभियानों में लगाए गए पौधों की निगरानी ‘हरितिमा ऐप’ से की गई। लगाए गए पौधों में लगभग 80 प्रतिशत जीवित पाए गए। शक्ति वन, युवा वन, मियावाकी वन और ग्रीन कॉरिडोर का भी हरित विस्तार में अहम योगदान है। अवध वन प्रभाग के डीएफओ सितांशु पांडेय ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की है।

मेट्रो कारपोरेशन आज शुरू करेगा मायदीदी सेवा

Untitled design (12)

महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन 5 जून से महिलाओं के लिए विशेष ईवी-बाइक फीडर सेवा ‘मायदीदी’ शुरू करने जा रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस पर इसकी शुरुआत सुबह 11 बजे विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार करेंगे। ‘मायदीदी’ सेवा में बाइक चालक और यात्री दोनों महिलाएं ही होंगी। प्रारंभिक चरण में यह सेवा विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन, आईटी कॉलेज मेट्रो स्टेशन, भूतनाथ मेट्रो स्टेशन और कृष्णा नगर मेट्रो स्टेशन पर उपलब्ध होगी। महिला यात्री इन स्टेशनों से 5 किलोमीटर तक की दूरी मात्र 15 रुपये में तय कर सकेंगी। सेवा की शुरुआत के उपलक्ष्य में 5 जून से 13 जून तक महिला यात्रियों को यह सुविधा निःशुल्क प्रदान की जाएगी। इसके अलावा उद्घाटन दिवस पर सेवा का उपयोग करने वाली पहली 10 महिला यात्रियों को विशेष उपहार भी दिए जाएंगे।

विश्व पर्यावरण दिवस पर विविध कार्यक्रम

पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस है। इस अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रभागीय वनाधिकारी प्रखर गुप्ता ने बताया कि पांच जून को जिले में 563000 पौधों का रोपण और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। इसके क्रम में पंचवटी दीप पर प्रभारी मंत्री/कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही पौध रोपण करेंगे।

काशी में विश्व पर्यावरण दिवस पर युवाओं ने चलाया दीवार-लेखन अभियान 

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था आशा ट्रस्ट एवं लोक समिति के तत्वावधान में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर के युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता को लेकर विशेष दीवार-लेखन अभियान चलाया। अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने हाईवे के किनारे, गांवों एवं सार्वजनिक स्थलों की दीवारों पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रेरणादायक संदेश लिखकर लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने "पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ", "स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन", "जल, जंगल और जमीन बचाओ", "हरियाली है जीवन की खुशहाली" तथा "प्रकृति का सम्मान, मानवता का कल्याण" जैसे संदेश दीवारों पर अंकित किए। 

अभियान का उद्देश्य आम लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा उन्हें वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण, जल संकट और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। यदि हम प्रकृति के प्रति संवेदनशील नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकटों का सामना करना पड़ेगा। 

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत अपने घर, गांव और आस-पास के क्षेत्र से की जा सकती है। प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, प्लास्टिक का उपयोग कम करे और जल स्रोतों को प्रदूषित होने से बचाए तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा योगदान दिया जा सकता है। कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प भी लिया गया।

प्रयागराज नगर निगम में योगी के जन्म दिन पर किया गया पौधारोपण 

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज नगर निगम परिसर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेयर गणेश केसरवानी के नेतृत्व में हुए इस आयोजन में पौधरोपण किया गया और मुख्यमंत्री के स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए केक भी काटा गया। इस अवसर पर नगर निगम के पार्षद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के साथ हुई गोष्ठी से हुई। वक्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों, सुशासन और पर्यावरण संरक्षण अभियानों पर प्रकाश डाला। इसके बाद मेयर गणेश केसरवानी और पार्षदों ने सामूहिक रूप से नगर निगम परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।नगर निगम परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और मुख्यमंत्री के प्रति सम्मान का प्रतीक बना। 

ये भी पढ़ें  : 
नोएडा के दो अलग-अलग सेक्टर में लगी आग, सीएम योगी ने लिया घटना का संज्ञान, किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं  

 

संबंधित समाचार