Bareilly News : अर्जुन मौर्या हत्याकांड के हत्यारोपी का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

15 जून की रात संजय नगर में हुआ था अर्जुन का मर्डर

बरेली, अमृत विचार। संजयनगर में हिन्दूवादी नेता राकेश मौर्या के बेटे अर्जुन की हत्या में शामिल अर्पित को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घेराबंदी के दौरान आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस टीमें बाकी हमलावरों की तलाश में जुटी हैं।

सीओ शिवम आशुतोष ने बताया कि 15 जून की रात करीब 11:30 बजे संजयनगर निवासी अर्जुन मौर्या की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पिता ने मोहल्ले के रहने वाले अर्पित मौर्य, कपिल राठौर और कुश कश्यप पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। उसी समय से पुलिस की चार टीमें आरोपियों को तलाश में जुटी थीं। गुरुवार तड़के डोहरा चौराहे पर चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि हत्याकांड में शामिल अर्पित और कुश हरूनगला रोड के रास्ते भागने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम हरकत में आ गई और एफसीआई गोदाम के पास भरतौल की ओर से पैदल आते दो युवकों का पीछा किया। पीछा करने पर आरोपी फायरिंग करने लगे। आत्मरक्षार्थ पुलिस की कार्रवाई में एक के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान अर्पित उर्फ पहाड़ी पुत्र शोमेन्द्र मौर्य निवासी संजयनगर के रूप में हुई। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि साथियों के साथ मिलकर दो दिन पहले अर्जुन की गोली मारकर हत्या की थी। पुलिस पर जिस तमंचे से फायरिंग की गई, उसी हथियार का इस्तेमाल अर्जुन की हत्या में किया गया था। घायल अर्पित जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। कोर्ट पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। फरार कुश और कपिल की तलाश में टीमें जुटी हैं।

हत्याकांड में शामिल थे तीन हमलावर
अर्जुन को उसके घर से बुलाकर अर्पित मौर्य, कपिल राठौर और कुश कश्यप लाए थे। तीनों उसे पास के मंदिर के पास लेकर गए और फिर उसके साथ गाली गलौज करते हुए उसके सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। जिसके बाद तीनों लोग वहां से फरार हो गए। जेल में बंद सोनू लभेड़ा का छोटा भाई कपिल राठौर उसके नक्शे कदम पर चल रहा है। अर्पित ने पुलिस को बताया कि वो ही पूरे गैंग को लीड करता है। सोमवार की रात भी कपिल ने ही अर्पित से कहां था कि तमंचा तानकर उस पर गोली चलाऐगा। जिसके बाद कपिल ने घटना को अंजाम दिया। अर्पित ने बताया पिता फास्टफूड का ठेला लगाता है। चार माह पहले उसे एक गांव में शादी के दौरान तमंचा पड़ा मिला था। उस तमंचे को वहां उठा लाया। उसी तमंचे से हत्या की गई।

शराब की गई थी मर्डर की प्लानिंग
पूछताछ में आरोपी अर्पित मौर्य ने पुलिस को बताया कि कुश और अर्जुन के विवाद के बाद वह कपिल राठौर के पास आया था। जिसके बाद वह भी वहां पहुंच गया। तीनों ने शराब पी और फिर अर्जुन को उसके घर से बुलाने की योजना बनाई। तीनों उसे घर से बाहर लेकर आए और फिर मंदिर के पास पहुंचकर कुश और कपिल उससे विवाद करने लगे। इतने में पीछे से आकर अर्पित ने उसके कान से सटाकर गोली चला दी। अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई थी।

हेकड़ी निकली, पुलिस के सामने मांगती मांगता दिख
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुए अर्पित मौर्या के गोली लगने के बाद हेकड़ी निकल गई। वह पुलिस के सामने कहते हुए नजर आया...गलती हो गई] आगे जीवन में ऐसी लगती नहीं होगी। माफ कर दो साहब। अपने साथियों के बारे में उसने बताया कि घटना के बाद से सब लोग अलग अलग भाग गए थे। उसके साथी कहां हैं, इसकी जानकारी नहीं है।

पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। बाकी फरार चल रहे दो लोगों की तलाश में टीमें लगाई गई है। एसओजी और सर्विलांस की मदद ली जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -शिवम आशुतोष, सीओ थर्ड।

संबंधित समाचार