Bareilly Police का बड़ा एक्शन : 8 महीने में 98 मुठभेड़, 129 आरोपी घायल

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बरेली, अमृत विचार। यूपी में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ते हुए बरेली रेंज (बरेली मंडल) में पुलिस का तगड़ा एक्शन जारी है। पिछले 8 महीनों में विभिन्न अपराधों में शामिल आरोपियों के साथ 98 मुठभेड़ हुई, जिनमें 129 आरोपी घायल हुए हैं। पुलिस मुठभेड़ में 2 आरोपियों की मौत हो गई। इस दौरान 39 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। इस अंतराल में पुलिस ने 21 इनामी आरोपियों को पकड़ा है और करीब 5 करोड़ की प्रॉपर्टी सीज की है। 

पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) अजय कुमार सहानी के नेतृत्व में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस का अभियान जारी है। इसी क्रम में यहां अक्टूबर 2025 से लेकर मई 2026 तक ताबड़तोड़ कार्रवाईयां सामने आईं। मंडल के चारों जनपदों में पुलिस और आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के बीच रिकॉर्ड 98 मुठभेड़ हुई हैं। इस दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से हत्या, लूट और डकैती का माल-हथियार भी बरामद किए हैं। 

991

गैंगस्टर में 83 आरोपी गिरफ्तार 
बरेली परिक्षेत्र में पिछले 8 महीने के दौरान गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत 25 मुकदमें दर्ज किए गए हैं और 83 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस बीच पुलिस ने गैंगस्टरों की करीब 4.98 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। 

बरेली में सबसे ज्यादा मुठभेड़ 
अपराध नियंत्रण को लेकर जारी अभियान में पुलिस को सबसे ज्यादा चुनौती बरेली में पेश आई। अकेले बरेली में मुठभेड़ की 44 घटनाएं हुई हैं और 76 आरोपी पकड़े गए हैं। पुलिस की फायरिंग में 57 आरोपी घायल हुए और अपराधियों की गोली से 27 पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं। बरेली में दो आरोपियों की मौत भी हुई। 

990

मुठभेड़ में दूसरे नंबर पर बदायूं 
मुठभेड़ के इस क्रम में दूसरे नंबर पर बदायूं जनपद है। यहां 8 महीनों में 27 मुठभेड़ की घटनाएं घटीं, जिसमें 57 अभियुक्त पकड़े गए हैं। पुलिस की गोली से 38 आरोपी घायल भी हुए। एचपीसीएल प्लांट हत्याकांड के एक आरोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) की कार्रवाई की गई। वहीं, पीलीभीत में 14 मुठभेड़ हुईं और 22 आरोपी पकड़े गए, जबकि शाहजहांपुर में 13 मुठभेड़ में 24 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। 

989

एक लाख के इनामी इफ्तेकार का हुआ अंत
बरेली के भोजीपुरा में दहशत फैलाए रखने वाले इफ्तेखार को पुलिस ने 9 अक्टूबर 2025 को हुई मुठभेड़ में मार गिराया था। उसके खिलाफ 19 मुकदमें दर्ज थे, जिसमें हत्या, डकैती और समेत अन्य मामले शामिल हैं। पुलिस के साथ मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई थी।

पत्नी-सास के कातिल की मौत 
इसी साल 17 मार्च 2026 को इज्जतनगर थाना दोहरे हत्याकांड से थर्रा उठा था। अफसर ने बीवी और सास की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। आजीवन कारावास से दंडित अपराधी अफसर खां उर्फ बोरा की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। यहां पुलिस की गोली से अफसर की मौत हो गई थी।

988

बरेली के डीआईजी अजय कुमार साहनी ने कहा कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीमें सक्रिय हैं। अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है। जनता को सुरक्षित माहौल देना और कानून व्यवस्था बनाए रखना ही पुलिस की जिम्मेदारी है। चारों जिलों में अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण किया जा रहा है।

संबंधित समाचार