2017 से पहले केवल एक गांव तक सीमित था विकास... CM योगी ने गोंडा में गिनाईं डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सीएम योगी स्पष्ट किया कि जब प्रदेश की जनता अच्छे और सही लोगों को चुनकर सदन में भेजती है, तो उसके परिणाम भी सकारात्मक और ऐतिहासिक होते हैं।

गोंडा, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के चकरौत में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां बताईं। सीएम ने कहा कि वर्ष 2017 के पहले विकास सिर्फ एक गांव तक सीमित था लेकिन अब विकास का पहिया गांव गांव तक पहुंच रहा है। पूर्ववर्ती सरकारों की तुष्टीकरण और परिवारवाद की राजनीति पर सीएम ने करारा प्रहार किया। जनसभा में उमड़े भारी जनसैलाब को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने राष्ट्रवाद, सुशासन और बिना भेदभाव के चहुंमुखी विकास का जोरदार संदेश दिया। 

cats

करनैलगंज विधायक अजय सिंह ने सीएम योगी का किया स्वागत

सीएम योगी स्पष्ट किया कि जब प्रदेश की जनता अच्छे और सही लोगों को चुनकर सदन में भेजती है, तो उसके परिणाम भी सकारात्मक और ऐतिहासिक होते हैं। मुख्यमंत्री ने राम मंदिर निर्माण से लेकर गोंडा में स्थापित हो रहे नए मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों तक का जिक्र करते हुए कहा कि आज धरातल पर असली विकास दिख रहा है, जिसमें सबका विकास हो रहा है, लेकिन तुष्टीकरण किसी का नहीं। इससे पहले करनैलगंज विधायक अजय सिंह ने मुख्यमंत्री को श्री रामलला की प्रतिमा व गदा भेंटकर उनका स्वागत किया। 

cats

सीएम योगी ने गिनाई डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने भाषण की शुरुआत में ही विकास की वास्तविक परिभाषा को स्पष्ट किया। जनसभा के मंच पर मौजूद लाभार्थियों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, मैं अभी मंच पर देख रहा था कि विकास वास्तव में कैसा होना चाहिए। यहाँ अलग-अलग सरकारी योजनाओं के लगभग 20 लाभार्थी मौजूद हैं।

उन्होंने बताया कि इनमें से किसी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्की छत मिली है, किसी को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है, तो कोई स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय का लाभार्थी बनकर आया है। सीएम योगी ने कहा कि सरकार की योजनाएं अब बिना किसी बिचौलिए के सीधे आम और गरीब आदमी तक पहुंच रही हैं। इस अवसर पर भूपेंद्र सिंह सहित अन्य प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे। ग्राम स्तर पर सुरक्षा समितियों (ग्राम रक्षक) और रोजगार सृजन के कार्यों की भी विस्तार से चर्चा की गई, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिल रही है।

cats

देवीपाटन मंडल और विशेष रूप से गोंडा के बुनियादी ढांचे में हुए ऐतिहासिक बदलावों को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब यहाँ उच्च शिक्षा और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की कल्पना करना भी मुश्किल था। उन्होंने कहा, गोंडा के लिए मेडिकल कॉलेज एक सपना हुआ करता था, सिर्फ एक सपना! लेकिन आज यह साकार हुआ है। गोंडा के पास आज अपना खुद का मेडिकल कॉलेज है। शिक्षा के क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने जनता से पूछा, क्या कभी किसी ने सोचा था कि गोंडा में इंजीनियरिंग कॉलेज होगा? लेकिन आज गोंडा के पास अपना इंजीनियरिंग कॉलेज है, एग्रीकल्चर (कृषि) कॉलेज है। 

उन्होंने बताया कि इसके अलावा जिले में बेसिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए कंपोजिट विद्यालयों का निर्माण युद्ध स्तर पर हो रहा है और नए हॉस्पिटल्स बनाए जा रहे हैं ताकि आम जनमानस को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर न भटकना पड़े। सीएम योगी ने जनपद में ₹516 करोड़ लागत की 262 जनकल्याणकारी, विकासपरक परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।  इस अवसर पर कैसरगंज सांसद करन भूषण सिंह,तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पांडेय, मेहनौन विधायक विनय द्विवेदी, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, कटरा बाजार विधायक बावन सिंह, विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह समेत भाजपा के पदाधिकारी ,कार्यकर्ता व हजारों,की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज