अयोध्या में 93.75 करोड़ से संवरेगा VVIP Guest House: रामकथा पार्क के पास बन रहा अत्याधुनिक अतिथि गृह, नवंबर 2027 तक होगा तैयार
अयोध्या, अमृत विचार : अयोध्या में रामकथा पार्क के निकट एक भव्य और अत्याधुनिक अति विशिष्ट अतिथि गृह का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। राज्य संपत्ति विभाग के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की कुल लागत 93.75 करोड़ रुपये है। निर्माण नवंबर 2027 तक पूरा होने की संभावना है।
लोक निर्माण विभाग सीडी-2 के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र ने बताया कि 14510.00 वर्गमीटर में फैले इस अतिथि गृह परिसर में कई आधुनिक ब्लॉक शामिल हैं। इनमें मुख्यमंत्री ब्लॉक (जी 4) 7155 वर्गमीटर, आवासीय ब्लॉक (बी जी 5) 9496 वर्गमीटर, डार्मेट्री ब्लॉक (जी 5) 2371.50 वर्गमीटर, सर्विस ब्लॉक (जी 1) 26050 वर्गमीटर शामिल हैं। इसके अलावा गार्ड रूम, टाइम ऑफिस एवं पास ऑफिस, इलेक्ट्रिकल सबस्टेशन (14800 वर्गमीटर) और सेंट्रल लॉन, वाटर फाउंटेन, स्टाफ पार्किंग, विजिटर पार्किंग, विद्युतीकरण एवं वाटर सप्लाई जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस समय मुख्यमंत्री ब्लॉक में चतुर्थ तल पर प्लास्टर एवं तीसरे/चतुर्थ तल पर एमईपी एवं लिफ्ट का कार्य प्रगति पर है। वहीं रेजीडेंशियल ब्लॉक में बेसमेंट के स्लैब का कार्य पूर्ण हो चुका है। डोदमेट्री ब्लॉक में पेंटिंग एवं बाहर प्लास्टर का कार्य चल रहा है। परियोजना में सीएम ब्लॉक, आवासीय ब्लॉक, डोरमेट्री ब्लॉक, सर्विस ब्लॉक सहित आधुनिक सुविधाओं से लैस वीवीआईपी आवास की व्यवस्था होगी।
परियोजना अयोध्या की भव्य छवि में लाएगी और निखार : डीएम
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने भी हाल ही में इस परियोजना का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी एजेंसी के अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए थे। डीएम ने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद यह अति विशिष्ट अतिथि गृह अयोध्या की भव्य छवि को और निखारेगा।
