हज यात्रा 2027 का काउंटडाउन शुरू: कमेटी ने जारी किया नया सर्कुलर, आवेदन से पहले तैयार रखें ये जरूरी डाक्यूमेंट्स

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति ने हज-2027 की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई ने सर्कुलर जारी कर इच्छुक हज यात्रियों को आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रोहित सिंह ने हज समिति के सचिव मोहम्मद तारिक के पत्र के हवाले से बताया कि हज यात्रा के लिए केवल मशीन रीडेबल पासपोर्ट ही मान्य होगा, जबकि हस्तलिखित पासपोर्ट स्वीकार नहीं किए जाएंगे। हज समिति ने हज-2027 के लिए आवेदन करने वाले आवेदकों के पासपोर्ट की वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होना अनिवार्य बताया है। साथ ही नया पासपोर्ट बनवाते समय यह सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है कि पासपोर्ट में सरनेम अथवा लास्ट नेम का कॉलम खाली न छोड़ा जाए।

उन्होंने सभी संभावित हज यात्रियों से अपील की है कि जिनके पास 31 दिसंबर 2027 तक वैध पासपोर्ट उपलब्ध नहीं है, वे तत्काल पासपोर्ट कार्यालय में आवेदन कर नया पासपोर्ट बनवा लें, ताकि हज-2027 की घोषणा के बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो। वर्ष 2026 में जिले के 72 लोगों ने हज यात्रा की। जबकि 2025 में 102 लोगों ने हज का फर्ज पूरा किया था।

तीन प्रशिक्षण केंद्र

जिले से हज यात्रा पर जाने वालों को नूरी मरकज तारीन, नूरूल हुदा बिजलीपुरा और मदरसा दारूस्स्वालिहीन आइनों वाली मस्जिद में हज कमेटी से नियुक्त ट्रेनरों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाता है। ताकि हज यात्री बेहतर ढंग से अपनी इबादत कर सकें।

संबंधित समाचार