Barabanki Accident: रोडवेज बस में ट्रक की जोरदार टक्कर, चालक समेत दो घायल; पुलिस ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल
रामसनेहीघाट के दुल्हादेपुर मोड़ के पास हुआ हादसा, देवरिया से लखनऊ जा रही थी रोडवेज बस; गंभीर घायल चालक जिला अस्पताल रेफर।
रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-27) पर शुक्रवार को एक सड़क हादसे में रोडवेज बस चालक समेत दो लोग घायल हो गए। हादसा रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के दुल्हादेपुर मोड़ के पास उस समय हुआ, जब देवरिया डिपो की रोडवेज बस सवारियों को उतारने के लिए सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस चालक और एक यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही रामसनेहीघाट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने दिखाई तत्परता, सरकारी वाहन से पहुंचाया अस्पताल
घायलों की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया। प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने अपनी सरकारी गाड़ी से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामसनेहीघाट पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बस चालक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज और विस्तृत जांच के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं घायल यात्री का उपचार सीएचसी में ही किया गया।
कुछ देर बाधित रहा यातायात
हादसे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को जल्द ही सामान्य करा दिया।
जांच में जुटी पुलिस
रामसनेहीघाट के प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी के अनुसार, शुरुआती जांच में हादसे का कारण पीछे से ट्रक की टक्कर सामने आया है। दुर्घटना में बस चालक सहित दो लोग घायल हुए हैं। दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः Monsoon Session 2026: संसद में बड़े विधायी फैसलों की तैयारी, टैक्स से MSME और शिक्षा तक कई अहम बिल ला सकती है सरकार
