Barabanki Crime News : CM योगी पर कथित अभद्र पोस्ट करने वाला युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

रामनगर पुलिस की कार्रवाई, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप

बाराबंकी के रामनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने पोस्ट हटवाकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी के रामनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कथित अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान कॉप फतेहउल्लाह निवासी अमरेश यादव के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट की थी। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आपत्तिजनक पोस्ट डिलीट कराते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। रामनगर इंस्पेक्टर अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 घर से लाखों की चोरी, डीवीआर भी उखाड़ ले गए चोर

फतेहपुर: रामनगर मार्ग स्थित मोहल्ला काजीपुर में बुधवार रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी कर डाली। मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ घर में घुसे चोर बक्से में रखी नकदी व करीब एक लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण समेट ले गए। चोरों ने सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी नहीं छोड़ा। 
कस्बे के मोहल्ला पचघरा निवासी कमलेश कुमार का रामनगर मार्ग स्थित मोहल्ला काजीपुर में भी एक मकान है, जहां वह अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। बुधवार रात दोनों घर में ताला लगाकर अपने दूसरे मकान चले गए थे। 

गुरुवार सुबह जब वे वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखा बक्सा खुला पड़ा था और सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित कमलेश कुमार ने बताया कि बक्से में रखे तीन लाख रुपये नकद और करीब एक लाख रुपये मूल्य के सोने चांदी के आभूषण गायब थे। उन्होंने बताया कि घर में सुरक्षा के लिए छह सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन चोर कैमरों का रिकॉर्डिंग बॉक्स भी अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। कोतवाली प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

छात्रा से छेड़छाड़ कर रहे दो शोहदे दबोचे, दो फरार

शहर के बड़ेल क्षेत्र में इंटरमीडिएट की एक छात्रा से लगातार हो रही छेड़छाड़ का मामला गुरुवार को खुलकर सामने आया। कॉलेज प्रबंधन की सतर्कता से दो आरोपियों को लोगों ने पकड़ लिया, हालांकि उनके दो साथी मौके से फरार हो गए। भागने के प्रयास में आरोपियों ने कार भीड़ की ओर दौड़ा दी, जिससे दो राहगीर घायल हुए।
जानकारी के अनुसार, छात्रा पिछले करीब एक सप्ताह से पैदल घर लौटते समय कुछ युवकों की अभद्र टिप्पणियों और छेड़छाड़ का शिकार हो रही थी। आरोप है कि युवक एक मशहूर दुकान के पास कार खड़ी कर उसका इंतजार करते और उसे परेशान करते थे। घटना से परेशान छात्रा कई बार रोते हुए वापस कॉलेज पहुंची।

पूछताछ में उसने पूरी आपबीती कॉलेज प्रबंधन और शिक्षकों को बताई। इसके बाद गुरुवार को छुट्टी के समय कॉलेज प्रबंधन और शिक्षक छात्रा की सुरक्षा के लिए पीछे-पीछे चलने लगे, ताकि आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा जा सके। दोपहर जैसे ही छात्रा दरबारी समोसा के पास पहुंची, सफेद कार में बैठे युवकों ने फिर अभद्र टिप्पणियां शुरू कर दीं। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग और शिक्षक मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरता देख आरोपियों ने कार तेजी से आगे बढ़ा दी। इस दौरान कार की टक्कर से अमन तथा विनय वर्मा घायल हो गए। 

सड़क पर जाम होने के कारण आरोपी अधिक दूर नहीं जा सके और भीड़ ने दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि उनके दो साथी भाग निकले। सूचना मिलने पर बड़ेल पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए दोनों आरोपियों को हिरासत में व कार कब्जे में ले ली। बड़ेल चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है। अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है।

संबंधित समाचार