Hashmatullah Shahidi ने छोड़ी अफगानिस्तान ODI टीम की कप्तानी, 4 साल बाद लिया बड़ा फैसला

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

जनवरी 2022 से जून 2026 तक 55 वनडे मैचों में संभाली कमान, सोशल मीडिया पर निजी फैसला बताते हुए किया इस्तीफे का ऐलान

काबुल: अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज हशमतउल्लाह शाहिदी ने एकदिवसीय (ODI) टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। शाहिदी ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि कप्तानी से इस्तीफा देना उनका निजी निर्णय है।

31 वर्षीय शाहिदी ने जनवरी 2022 में अफगानिस्तान की वनडे टीम की कमान संभाली थी और जून 2026 में भारत के खिलाफ खेली गई पिछली वनडे सीरीज तक कुल 55 मुकाबलों में टीम की कप्तानी की।

'कप्तानी करना मेरे लिए सम्मान की बात रही'

सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में शाहिदी ने कहा कि टीम का नेतृत्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात रही। उन्होंने कहा कि उन्होंने पूरी ईमानदारी, एकजुटता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि अल्लाह की कृपा, क्रिकेट अधिकारियों, कोचिंग स्टाफ और खिलाड़ियों के सहयोग से टीम ने कई महत्वपूर्ण जीत दर्ज कीं, बड़ी टीमों को हराया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अफगानिस्तान का नाम रोशन किया।

कप्तानी में मिली कई अहम सफलताएं

शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान ने द्विपक्षीय वनडे सीरीज में बांग्लादेश को तीन बार, जिम्बाब्वे को दो बार, जबकि दक्षिण अफ्रीका और आयरलैंड को एक-एक बार हराया।

बल्लेबाजी प्रदर्शन भी रहा स्थिर

कप्तानी से पहले वनडे क्रिकेट में शाहिदी का बल्लेबाजी औसत 32.97 और स्ट्राइक रेट 64.39 था। कप्तानी संभालने के बाद उनका औसत बढ़कर 33.79 और स्ट्राइक रेट 70.77 हो गया।

अब तक खेले गए 96 वनडे मैचों में शाहिदी का एकमात्र शतक भारत के खिलाफ चेन्नई में खेले गए अफगानिस्तान के पिछले वनडे में आया, जहां उन्होंने 131 गेंदों में 102 रन की शानदार पारी खेली थी।

यह भी पढ़ेंः FIH Youth Hockey5 Asia Cup: भारतीय सब-जूनियर टीमों का दमदार प्रदर्शन, लड़कों ने पाकिस्तान-ओमान को हराया, लड़कियों ने उजबेकिस्तान को 16-0 से रौंदा

संबंधित समाचार