Bareilly News : कैफे में पकड़े जाने का वीडियो हुआ वायरल, बदनामी के डर से 9वीं की छात्रा ने लगाई फांसी

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

परिजनों ने वायरल वीडियो को बताया आत्महत्या की वजह, पुलिस मुस्लिम युवक से पूछताछ में जुटी

बरेली के इज्जतनगर कैफे का वीडियो वायरल होने से आहत 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

बरेली, अमृत विचार। बरेली के थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। एक 17 वर्षीय छात्रा ने कथित रूप से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि एक दिन पहले इज्जतनगर क्षेत्र के एक कैफे में पकड़े जाने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के कारण वह गहरे मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में थी, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

देर रात उठाया आत्मघाती कदम
पोस्टमार्टम हाउस पर मृतका के चाचा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि युवती मंगलवार रात रोज की तरह खाना खाने के बाद अपनी मां के पास बरामदे में सो रही थी। देर रात वह किसी समय उठकर कमरे में चली गई और दुपट्टे के फंदे से फांसी लगा ली। जब मां की आंख खुली और उसे घटना की जानकारी हुई, तो परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

क्या है पूरा मामला?
परिजनों के अनुसार, मृतका सात भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और नरियावल के एक स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा थी। पिछले करीब दो माह से वह गांव के ही एक डॉक्टर के क्लीनिक पर काम करने जाती थी। चाचा का कहना है कि मंगलवार शाम वह डॉक्टर की स्कूटी से इज्जतनगर क्षेत्र के एक कैफे में पहुंची थी। आरोप है कि वहां हिंदू संगठनों और पुलिस ने उसे दो मुस्लिम युवकों के साथ पकड़ लिया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने छात्रा को छोड़ दिया था, जबकि एक युवक को हिरासत में ले लिया गया। आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों ने छात्रा का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

परिजनों की मांग, वीडियो वायरल करने वालों पर हो कार्रवाई
परिजनों का सीधा आरोप है कि वीडियो वायरल होने के बाद से ही छात्रा मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गई थी। बदनामी के डर और डिप्रेशन में आकर उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि वीडियो बनाकर वायरल करने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

पुलिस की कार्रवाई जारी
छात्रा की मौत के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप है। पुलिस ने हिरासत में लिए गए मुस्लिम युवक से दोबारा गहन पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वायरल वीडियो और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

संबंधित समाचार