Middle East तनाव का असर: सेंसेक्स 600 अंक तक टूटा, शेयर बाजार में मची बिकवाली

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने से निवेशकों में बढ़ी चिंता, बैंकिंग, फार्मा और आईटी शेयरों में भारी गिरावट

मुंबई: पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर बुधवार को भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ दिखाई दिया। कारोबार की शुरुआत से ही बिकवाली का दबाव बना रहा, जिससे बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में करीब 600 अंक तक लुढ़क गया, जबकि एनएसई निफ्टी भी लाल निशान में कारोबार करता दिखा।

सेंसेक्स 85.16 अंक की गिरावट के साथ 77,384.95 पर खुला। शुरुआती कारोबार में इसकी गिरावट बढ़कर करीब 619 अंक तक पहुंच गई। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 558.25 अंक (0.72%) टूटकर 76,911.86 पर कारोबार कर रहा था।

इसी तरह निफ्टी-50 37.25 अंक की कमजोरी के साथ 24,150.45 पर खुला। बाद में यह 163.90 अंक (0.68%) की गिरावट के साथ 24,023.80 पर कारोबार करता दिखाई दिया।

अमेरिका-ईरान तनाव बना गिरावट की बड़ी वजह

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता को प्रभावित किया है। शांति वार्ता टूटने के बाद ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि उसके परमाणु ठिकानों पर हमला हुआ तो वह अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के हितों को निशाना बना सकता है। इस घटनाक्रम ने वैश्विक बाजारों में भी सतर्कता बढ़ा दी है।

इन सेक्टरों में सबसे ज्यादा दबाव

बाजार में लगभग सभी प्रमुख सेक्टरों में बिकवाली देखने को मिली। निफ्टी ऑटो को छोड़कर बाकी अधिकांश सेक्टर लाल निशान में रहे। बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, फार्मा, मीडिया, रियल्टी, हेल्थकेयर और सीमेंट सेक्टरों के शेयरों में 1 से 2 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।

इन शेयरों में आई कमजोरी

सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर करीब 3 प्रतिशत तक टूट गया। इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक (SBI), सन फार्मा, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक और टेक महिंद्रा के शेयरों में 1 से 2 प्रतिशत तक की गिरावट रही।

इसके साथ ही इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, अडानी पोर्ट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, एलएंडटी, बीईएल, ट्रेंट, आईटीसी, बजाज फाइनेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी नुकसान में कारोबार करते दिखे। वहीं टाइटन और इटरनल के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।

यह भी पढ़ेंः भारत के फार्मा सेक्टर को बड़ा झटका! ट्रंप ने जेनेरिक दवाओं पर 200% टैरिफ का किया ऐलान

संबंधित समाचार