Bahraich News: 10 घंटे बिजली गुल रहने से भड़के लोग, आधी रात सड़क पर उतरे; बहराइच-लखनऊ मार्ग जाम
सरस्वती नगर में 10 घंटे से ज्यादा बिजली कटौती से परेशान लोगों ने आधी रात बहराइच-लखनऊ मार्ग जाम कर नारेबाजी की, पुलिस की समझाइश के बाद खुला रास्ता
बहराइच। गर्मी और उमस के बीच लगातार बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा रविवार देर रात फूट पड़ा। सरस्वती नगर इलाके में 10 घंटे से अधिक समय तक बिजली न आने से नाराज लोग आधी रात करीब 12 बजे सड़क पर उतर आए। लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने बहराइच-लखनऊ मार्ग जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी।
सड़क के दोनों तरफ लगा जाम
बिजली कटौती से परेशान बड़ी संख्या में लोग डीएम कार्यालय के सामने पहुंच गए और सड़क पर बैठकर विरोध करने लगे। प्रदर्शन के कारण मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उनकी समस्या सुनी। करीब आधे घंटे की समझाइश के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।
बिजली विभाग को दी आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि लगातार बिजली कटौती के कारण गर्मी और उमस में लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उनका आरोप है कि विद्युत विभाग की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
