गांव से स्टेडियम तक खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच, यूपी में तैयार हो रहा स्पोर्ट्स का मजबूत नेटवर्क
PM श्री स्कूलों में स्पोर्ट्स क्लब से लेकर हर तहसील में मिनी स्टेडियम तक फोकस, लखनऊ के दो बड़े स्टेडियमों के आधुनिकीकरण पर आठ करोड़ रुपये खर्च
लखनऊ, अमृत विचार: केडी सिंह बाबू स्टेडियम का बैडमिंटन हॉल और चौक स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल, बास्केटबॉल कोर्ट व जिम का संवारा जाएगा। केडी सिंह के बैडमिंटन हॉल के नवीनीकरण के लिए 1.85 करोड़ रुपये और चौक स्टेडियम के लिए छह करोड़ रुपये की परियोजना में तीन करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।
खेल सचिव एलवाई सुहास ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में ''खेलें भी, खिलें भी'' अभियान के तहत स्पोर्ट्स क्लब बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक तहसील में मिनी स्टेडियम और प्रत्येक जिले में ''एक जनपद-एक खेल'' योजना के जरिए स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रदेश के 1,565 पीएमश्री परिषदीय विद्यालयों को खेल सामग्री खरीदने के लिए 7.82 करोड़ रुपये जारी किए हैं। प्रत्येक विद्यालय को 50-50 हजार रुपये दिए गए हैं। इससे क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, टेबल टेनिस, कैरम और शतरंज समेत खेलों की सामग्री खरीदी जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा विभाग ''स्पोर्ट्स फॉर स्कूल'' कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को नियमित खेल गतिविधियों से जोड़ने, प्रशिक्षकों की उपलब्धता, छात्रवृत्ति और बालिकाओं की भागीदारी बढ़ाने पर काम कर रहा है। प्रदेश की नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स कॉलेजों में सीधे प्रशिक्षक बनने का अवसर दिया गया है।
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की तर्ज पर उत्तर प्रदेश राज्य खेल प्राधिकरण का गठन किया गया है। प्राथमिकता वाले खेलों के लिए चरणबद्ध तरीके से पांच हाई-परफॉर्मेंस सेंटर और पीपीपी मॉडल पर 14 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए जा रहे हैं, जहां वैज्ञानिक प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
यह भी पढ़ेंः सब-जूनियर यूपी बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए लखनऊ की टीमें घोषित, 24 खिलाड़ियों पर दांव
