नवोदय स्कूल में खाने में मिले कीड़े... छात्रों का ABVP ने दिया साथ; डीएम के आश्वासन पर 15 घंटे बाद खत्म हुआ आंदोलन
भोजन की गुणवत्ता के साथ हॉस्टल, पानी और साफ-सफाई को लेकर भी छात्रों ने उठाए सवाल, खाद्य सुरक्षा विभाग करेगा जांच
श्रावस्ती, अमृत विचार: पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय संभारपूरवा के छात्र भोजन की गुणवत्ता को लेकर सोमवार देर शाम विद्यालय में धरने पर बैठे है। मंगलवार पहुँची डीएम के मनाने व जांच करने के आश्वासन के माने छात्रों ने 15 घंटे बाद धरना समाप्त कर दिया है।
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय संभारपूरवा के छात्रों ने मेस से मिलने वाले खाने में कीड़ा होने व शिक्षकों के कार्य व्यवहार से नाराज होकर सोमवार शाम मेस के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। इसके बाद नाराज छात्र-छात्राओं ने सोमवार विद्यालय परिसर में ही नारेबाजी करते हुए भूख हड़ताल शुरू कर दी।
प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप था कि सिर्फ भोजन ही नहीं, बल्कि हॉस्टल, पेयजल, साफ-सफाई और विद्यालय की कई अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर लंबे समय से शिकायत की जा रही थी, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। वही मंगलवार छात्रों के इस आंदोलन को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी समर्थन किया।
वही एबीवीपी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रज्वल मिश्रा के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने छात्रों के साथ धरना शुरू कर दिया। छात्र एसडीएम आशीष भारद्वाज, सीओ व पुलिस के समझाने पर भी नहीं माने। इसके बाद मौके पर पहुंची डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर भेजकर जांच कराने व टीम गठित कर छात्रों को शिकायतों की जांच का आश्वासन देकर छात्रों को शांत कराया। इसके बाद छात्रों ने अपना आन्दोलन खत्म कर दिया।
यह भी पढ़ेंः Prayagraj Triple Murder : प्रयागराज में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या, धारदार हथियार से वारदात
