गोंडा न्यूज़ : अंडर-19 टीम के उपकप्तान की उपलब्धि पर आयुक्त ने थपथपाई पीठ, 17 साल के लक्ष्य रायचंदानी का सम्मान

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

भारत अंडर-19 टीम के उपकप्तान लक्ष्य रायचंदानी सम्मानित

गोंडा के युवा क्रिकेटर और भारत अंडर-19 टीम के उपकप्तान लक्ष्य रायचंदानी को आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने सम्मानित किया। लक्ष्य ने 17 साल की उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

अमृत विचार, गोंडा। महज 17 साल की उम्र में क्रिकेट की दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके गोंडा के युवा क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी को मंगलवार को बड़ी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने लक्ष्य को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और भारतीय सीनियर क्रिकेट टीम तक पहुंचने के लिए उन्हें निरंतर मेहनत व अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। सम्मान समारोह में आयुक्त ने लक्ष्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के दम पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने लक्ष्य को भविष्य में भारतीय टीम का मजबूत हिस्सा बनने के लिए शुभकामनाएं दीं।

15 साल की उम्र में शुरू हुआ सफलता का सफर

Gonda

गोंडा सदर तहसील निवासी लक्ष्य रायचंदानी ने शुरुआती शिक्षा रघुकुल विद्या पीठ एकेडमी से प्राप्त की। उनके पहले क्रिकेट कोच सुरेंद्र कुमार रहे, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने क्रिकेट की बारीकियां सीखीं। लक्ष्य की क्रिकेट यात्रा बेहद प्रेरणादायक रही है। महज 15 वर्ष की उम्र में उनका चयन अंडर-16 टीम में हुआ और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने भारतीय अंडर-19 टीम में जगह बनाई। वर्तमान में वह भारत अंडर-19 क्रिकेट टीम के सदस्य और उपकप्तान की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

रणजी टीम में भी दिखा चुके हैं दम

लक्ष्य रायचंदानी उत्तराखंड की रणजी टीम का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। विजय मर्चेंट ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है। राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर लक्ष्य ने गोंडा, उत्तर प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित किया है।

आयुक्त ने परिवार और कोच के योगदान को सराहा

सम्मान समारोह के दौरान मंडलायुक्त ने लक्ष्य के पिता राजेश रायचंदानी, माता लक्ष्मी रायचंदानी और परिवार के योगदान की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे माता-पिता, गुरु और परिवार का सहयोग सबसे अहम होता है। उन्होंने लक्ष्य को आगे भी इसी लगन और मेहनत के साथ खेल जारी रखने तथा भारतीय सीनियर क्रिकेट टीम में जगह बनाने का लक्ष्य रखने की सलाह दी। इस मौके पर अपर आयुक्त (न्यायिक) राजेश कुमार यादव, लक्ष्य के कोच और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़े : 
Taipei Open : भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी ने जीता ताइपे ओपन, 17 साल की उम्र में BWF Super 300 खिताब किया अपने नाम 

 

संबंधित समाचार