लखनऊ के पंचमुखी हनुमान मंदिर में चोरी, चांदी के मुकुट-छत्र समेत लाखों का सामान ले उड़े चोर; जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ। महानगर क्षेत्र की न्यू हैदराबाद कॉलोनी स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में चोरों ने देर रात धावा बोलकर लाखों रुपये के चांदी के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर मंदिर के ताले तोड़कर अंदर घुसे और भगवान की प्रतिमाओं पर चढ़े चांदी के मुकुट, छत्र समेत करीब 10 किलो चांदी का सामान चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई, जब मंदिर के पुजारी ने बाहर आकर देखा कि मंदिर के चैनल के ताले टूटे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सब्बल से तोड़े ताले, डीवीआर भी ले गए चोर
जानकारी के अनुसार, चोर लोहे के सब्बल की मदद से मंदिर के चैनल के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए। उन्होंने पंचमुखी हनुमान जी के पांचों सिर पर लगे चांदी के मुकुट और छत्र, गणेश जी के मुकुट-छत्र और श्रीराम दरबार से भगवान राम, लक्ष्मण व माता जानकी के मुकुट और छत्र चोरी कर लिए। चोरों ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान से जुड़े सबूत मिटाए जा सकें। हालांकि, जाते समय चोर लोहे का सब्बल मंदिर परिसर में ही छोड़ गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर महानगर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचा। टीमों ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वायड मंदिर परिसर से होते हुए पीछे की गली तक पहुंचा। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
चार पुलिस टीमें तलाश में जुटीं
पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की हैं। टीमें संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। एसीपी महानगर अंकित कुमार ने बताया कि आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
ये भी पढ़े :
रक्षाबंधन पर लखनऊ आने वाली ट्रेनों में वेटिंग और नो रूम : टिकट की मारामारी के बीच रेलवे बढ़ाएगा बोगियां
