लखनऊ चेहल्लुम जुलूस : शोकपूर्ण माहौल में निकला कर्बला के शहीदों का जुलूस, नौहाख्वानी और जंजीर का मातम

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

राठहवेली से निकले पारंपरिक जुलूस में अंजुमनों ने नौहाख्वानी, सीनाजनी और जंजीर का मातम कर हजरत इमाम हुसैन समेत कर्बला के 72 शहीदों को पुरसा पेश किया

लखनऊ में चेहल्लुम के अवसर पर राठहवेली से कर्बला के शहीदों का पारंपरिक जुलूस निकला। विभिन्न अंजुमनों ने नौहाख्वानी, सीनाजनी और जंजीर का मातम कर हजरत इमाम हुसैन समेत 72 शहीदों को पुरसा पेश किया। कड़ी सुरक्षा के बीच जुलूस देर रात इमामबाड़ा जवाहर अली खां पहुंचेगा।

लखनऊ। कर्बला के शहीदों की याद में मनाए जाने वाले चेहल्लुम के अवसर पर मंगलवार को राजधानी लखनऊ में शोकपूर्ण माहौल के बीच राठहवेली से पारंपरिक जुलूस निकाला गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकले इस जुलूस में विभिन्न अंजुमनों ने नौहाख्वानी और सीनाजनी करते हुए हजरत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम समेत कर्बला के 72 शहीदों को पुरसा पेश किया।

जुलूस अपने निर्धारित कदीमी मार्ग से होता हुआ चौक पहुंचा, जहां विभिन्न अंजुमनों ने नौहाख्वानी की और अकीदतमंदों ने जंजीर का मातम कर कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल रहा और बड़ी संख्या में अकीदतमंद जुलूस में शामिल हुए। चौक में दोपहर बाद तक जुलूस ठहरने के बाद अपने पारंपरिक मार्ग से आगे बढ़ा। देर रात जुलूस इमामबाड़ा जवाहर अली खां पहुंचकर संपन्न होगा।

चेहल्लुम जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है, जबकि अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी पूरे जुलूस की निगरानी की जा रही है।

संबंधित समाचार