Hardoi News : हरदोई में घर पर हमला और फायरिंग, मैकेनिक घायल; दो सगे भाइयों पर केस दर्ज
हरदोई के खजांची टोला में घर पर ईंट-पत्थरों से हमला और फायरिंग का मामला सामने आया है। हमले में मैकेनिक घायल हो गया। पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरदोई। शहर के खजांची टोला मोहल्ले में घर पर ईंट-पत्थरों से हमला और फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर दो सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली शहर क्षेत्र के मोहल्ला खजांची टोला निवासी सरिता शुक्ला ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शनिवार रात शहर के मोहल्ला नबीपुरवा निवासी प्रांजल शुक्ला और उसके भाई प्रिंस शुक्ला अपने साथियों के साथ 5-6 गाड़ियों से उनके घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने घर पर ईंट-पत्थर बरसाए और फायरिंग भी की।
हमले में सरिता के पति उमेश शुक्ला, जो शाहजहांपुर रोड स्थित एक दुकान पर मैकेनिक का काम करते हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके चेहरे और सिर में चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग एक मकान के सामने गाली-गलौज करते और एक व्यक्ति का पीछा करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं हुई है।
पुलिस ने सरिता शुक्ला की तहरीर के आधार पर प्रांजल शुक्ला और प्रिंस शुक्ला के खिलाफ हमला और जान से मारने की धमकी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
