टेक जानकारी : IRCTC का बीटा वर्जन से टिकट बुकिंग होगी पहले से तेज और आसान
भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने अपनी आधिकारिक टिकट बुकिंग वेबसाइट का नया बीटा संस्करण जारी किया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को तेज, सरल और बेहतर ऑनलाइन टिकट बुकिंग अनुभव उपलब्ध कराना है। लंबे समय से उपयोगकर्ता वेबसाइट के धीमे चलने, बार-बार CAPTCHA आने, लॉगिन संबंधी समस्याओं और टिकट बुकिंग के दौरान तकनीकी दिक्कतों का सामना करते रहे हैं। नए संस्करण में इन समस्याओं को काफी हद तक दूर करने का प्रयास किया गया है।
नई वेबसाइट का इंटरफेस पहले की तुलना में अधिक साफ-सुथरा और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया गया है। अनावश्यक पॉप-अप, फ्लैशिंग बैनर और बार-बार आने वाले CAPTCHA को कम किया गया है, जिससे टिकट बुकिंग प्रक्रिया अधिक सहज हो गई है। विशेष रूप से तत्काल (Tatkal) टिकट बुकिंग के लिए कम चरणों वाली प्रक्रिया अपनाई गई है, जिससे कम समय में टिकट बुक करना संभव होगा।
वेबसाइट में यात्रियों को अपनी पसंद की सीट या बर्थ चुनने की सुविधा भी दी गई है। इसके साथ ही Fare Calendar फीचर जोड़ा गया है, जिसके माध्यम से विभिन्न तिथियों का किराया पहले से देखा जा सकता है। इससे कम किराए वाले दिन का चयन करना आसान होगा। इसके अलावा, अब स्लीपर, 3AC, 2AC सहित विभिन्न श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिससे अलग-अलग श्रेणियों की जानकारी बार-बार देखने की आवश्यकता नहीं रहेगी।
नई वेबसाइट उपयोगकर्ताओं को अपनी व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने की सुविधा भी देती है। इससे अगली बार टिकट बुक करते समय बार-बार विवरण भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी और पूरी प्रक्रिया अधिक तेज हो जाएगी।
बीटा संस्करण का उपयोग करने के लिए यात्री IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 'Explore Beta Now' विकल्प के माध्यम से नए इंटरफेस का अनुभव ले सकते हैं। फिलहाल यह संस्करण परीक्षण चरण में है, इसलिए सभी उपयोगकर्ताओं को इसकी सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। जिन उपयोगकर्ताओं को एक्सेस मिला है, वे अपने सुझाव भी साझा कर सकते हैं, जिनके आधार पर अंतिम संस्करण में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
नई वेबसाइट के साथ रेलवे अपने Passenger Reservation Engine (PRE) को भी आधुनिक बना रही है। इसके बाद टिकट बुकिंग क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। वर्तमान में जहां सिस्टम एक मिनट में लगभग 32 हजार टिकट बुक कर सकता है, वहीं नया सिस्टम प्रति मिनट 1.5 लाख से अधिक टिकट बुक करने में सक्षम होगा। साथ ही, PNR स्टेटस, ट्रेन संबंधी जानकारी और अन्य सेवाएं भी पहले की तुलना में अधिक तेजी से उपलब्ध होंगी।
नया सिस्टम प्रति मिनट 40 लाख से अधिक अनुरोधों को संभाल सकेगा, जिससे वेबसाइट के धीमे पड़ने, हैंग होने या भुगतान विफल होने जैसी समस्याओं में काफी कमी आने की संभावना है। रेलवे इस नई व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से लागू कर रही है और इसके पूर्ण रूप से शुरू होने की संभावना अगस्त के मध्य तक बताई जा रही है।
