यात्रीगण कृपया ध्यान दें... ऐशबाग और गोमती नगर होकर गुजरेगी दरभंगा-जयपुर अमृत भारत ट्रेन, जानें रूट और टाइमिंग
लखनऊ, अमृत विचारः रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। दरभंगा से जयपुर के खातीपुरा रेलवे स्टेशन के बीच आधुनिक सुविधाओं से लैस अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू होने जा रहा है। इस नई ट्रेन का उद्घाटन रविवार को किया जाएगा। ट्रेन लखनऊ के दो प्रमुख रेलवे स्टेशनों ऐशबाग और गोमतीनगर से होकर गुजरेगी, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार के अनुसार, ट्रेन संख्या 19725/19726 खातीपुरा-दरभंगा-खातीपुरा अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 22 कोच होंगे। इनमें 8 स्लीपर और 11 जनरल कोच शामिल हैं। यह ट्रेन पूरी तरह स्लीपर और सामान्य श्रेणी के यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। उद्घाटन के दिन 21 जून को विशेष ट्रेन संख्या 09711 खातीपुरा से शाम 4 बजे रवाना होगी। यह ऐशबाग से रात 3:50 बजे और गोमतीनगर से 4:41 बजे होकर अगले दिन शाम दरभंगा पहुंचेगी। नियमित संचालन 22 जून से शुरू होगा। खातीपुरा-दरभंगा एक्सप्रेस (19725) शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। ट्रेन खातीपुरा से रात 10:30 बजे चलकर आगरा, कानपुर, ऐशबाग, गोमतीनगर और गोरखपुर होते हुए तीसरे दिन रात 12:55 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वहीं वापसी में दरभंगा-खातीपुरा एक्सप्रेस (19726) रविवार को छोड़कर छह दिन चलेगी और यात्रियों को सुविधाजनक सफर का विकल्प देगी।
