Barabanki News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 171 जोड़ों का हुआ विवाह, नवदंपतियों को मिले प्रमाण-पत्र
बाराबंकी, अमृत विचार। समाज कल्याण विभाग की ओर से शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 171 जोड़ों का विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया।
मुख्य अतिथि ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए विवाह प्रमाण-पत्र वितरित किए और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
'गरीब परिवारों के लिए वरदान है योजना'
अपने संबोधन में बैजनाथ रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि अब धनाभाव के कारण कोई भी पात्र बेटी विवाह से वंचित नहीं रहेगी।ल उन्होंने योजना की सहायता राशि 51 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी और बेटियों के सम्मान को नई मजबूती मिलेगी।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, जैदपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अमरीश रावत, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, उपायुक्त उद्योग एवं प्रधानाचार्य आईटीआई, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास), संबंधित खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, ग्राम प्रधान, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
सामाजिक समरसता का बना संदेश
समारोह में सभी नवदंपतियों को विवाह प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। पूरे आयोजन में सामाजिक समरसता, सामूहिक सहभागिता और बेटियों के सम्मान का संदेश देखने को मिला।
