भारतनेट उद्यमी योजना : युवा बनेंगे आर्थिक रूप से सशक्त, BSNL देगी कम पूंजी में स्वरोजगार का मौका
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचारः डिजिटल इंडिया मिशन को गति देने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए भारत संचार निगम लिमिटेड बीएसएनएल ने 'भारतनेट उद्यमी योजना' शुरू की है। इस योजना के तहत नवयुवक और नवयुवतियां अपने गृह जनपद में रहकर कम पूंजी में व्यवसाय शुरू कर सकेंगे।
योजना के अंतर्गत चयनित उद्यमियों को ग्रामीण क्षेत्रों में ब्रॉडबैंड सेवाओं का विस्तार और नए उपभोक्ताओं को जोड़ने का कार्य करना होगा। बीएसएनएल द्वारा प्रति 100 सक्रिय एफटीटीएच कनेक्शनों पर 20 हजार से 40 हजार रुपये तक का आकर्षक भुगतान किया जाएगा।
इसके साथ ही कंपनी निशुल्क तकनीकी मार्गदर्शन और प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराएगी। जिला लखनऊ की 505 ग्राम पंचायतों के युवा इस योजना से जुड़कर आर्थिक लाभ ले सकते हैं। यह पहल ग्रामीण भारत में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन का प्रभावी माध्यम बनेगी। इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकरण कर योजना से जुड़ सकते हैं।
