CMA Foundation Result : सीएमए फाउंडेशन में लखनऊ की संस्कृति मिश्रा टॉपर

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचारः द इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की फाउंडेशन परीक्षा जून 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। लखनऊ चैप्टर के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप 10 में जगह बनाई। परीक्षा में कुल 132 छात्र शामिल हुए, जिनमें 94 छात्र उत्तीर्ण हुए। उत्तीर्ण प्रतिशत 71.21 रहा।

लखनऊ चैप्टर की ओर से जारी सूची के अनुसार संस्कृति मिश्रा ने 83.50 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर हीर सचदेवा 79.50 प्रतिशत और तृतीय स्थान पर प्रज्ञा मिश्रा 75.50 प्रतिशत अंकों के साथ रहीं। अन्य टॉपर्स में प्रॉमित मैथी 70.00, उमाया फातिमा 69.50, स्नेहा सिंह व अनुकृति कृष्ण शुक्ला 68.00, मिस्थी अग्रवाल 67.50, प्रफुल कौसूधन 67.00 और शिवांगी गुप्ता शामिल हैं।

छात्राओं ने साझा किया सफलता का मंत्र

टॉपर संस्कृति मिश्रा ने बताया कि उन्होंने 6 महीने पहले से तैयारी शुरू की थी। गणित और अकाउंट पर विशेष मेहनत की। कनौथा इंटर कॉलेज अयोध्या से पढ़ाई करने वाली संस्कृति के पिता किसान हैं। उन्होंने बताया कि परिवार और यूट्यूब ने पढ़ाई में मदद की। भविष्य में सीए बनने का लक्ष्य है, इसी के लिए सीएमए कोर्स चुना। 

हीर सचदेवा ने रोजाना 8 घंटे पढ़ाई कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रज्ञा मिश्रा ने जनवरी से तैयारी शुरू कर 5-6 घंटे प्रतिदिन पढ़ाई की। प्रॉमित मैथी ने बताया कि बिजनेस लॉ उन्हें कठिन लगा, जिस पर अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ी। कार्यक्रम में सीएमए नरेन्द्र कुमार अध्यक्ष, उपाध्यक्ष रंजीत सिंह, सचिव अभिषेक मिश्रा, कोषाध्यक्ष नैन्सी गुप्ता, पीडीसी चेयरमैन अमित यादव व कविता तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संस्थान ने सभी उत्तीर्ण छात्रों से 31 जुलाई तक सीएमए इंटरमीडिएट कोर्स में पंजीकरण कराने को कहा है।

संबंधित समाचार