सीतापुर में सनसनी: लापता हॉस्टल संचालक का झाड़ियों में मिला शव, सिर पर गहरे चोट के निशान
महमूदाबाद के पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास संचालित करते थे ब्वायज हॉस्टल, देर रात घर से निकले थे; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच।
सीतापुर। महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब लापता हुए एक हॉस्टल संचालक का शव झाड़ियों में रक्तरंजित हालत में बरामद हुआ। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, महमूदाबाद कस्बे के रमकुण्डा चौराहा निवासी मनोज शुक्ला (45) पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास एक ब्वायज हॉस्टल का संचालन करते थे। परिजनों ने बताया कि देर रात वह यह कहकर घर से निकले थे कि हॉस्टल जा रहे हैं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उन्हें फोन किया, लेकिन कॉल की घंटी बजती रही और उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आधी रात के बाद हॉस्टल के पास झाड़ियों में मनोज शुक्ला का शव रक्तरंजित अवस्था में मिला। शव से कुछ दूरी पर उनकी बुलेट मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः UAPA Action: मोदी सरकार का बड़ा फैसला, जैश-लश्कर से जुड़े 23 लोगों को घोषित किया आतंकवादी; देखें पूरी सूची और वजह
