Lucknow News: UP SI भर्ती को लेकर डाली भ्रामक पोस्ट, एफआईआर
उप्र. भर्ती बोर्ड के इंस्पेक्टर ने हुसैनगंज थाने में दी तहरीर
कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार: उप्र.पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती- 2025 भर्ती प्रक्रिया को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर भ्रामक पोस्ट डाली गई। इसकी जानकारी होने पर यूजर के खिलाफ भर्ती बोर्ड के इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार ने हुसैनगंज थाने में तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नत बोर्ड में तैनात निरीक्षक सतेन्द्र कुमार के मुताबिक, 10 जुलाई को सुबह 11:19 बजे एक्स हैंडल Justice X (@indep150847) से पोस्ट किया गया कि, "UPSI 4543, 2025 में भी सारी सीट बिक गई थी। दो घंटे में सिर्फ ओएमआर नंबर, रोल नंबर भरे गये थे। जो ईमानदारी से एग्जाम पास किए, उनको धमकी देकर रिजेक्ट कर दिया। बोर्ड के इंस्पेक्टर के मुताबिक, संबंधित पोस्ट भर्ती प्रक्रिया की शुचिता को दूषित करने, अभ्यर्थियों के बीच भ्रम और असंतोष उत्पन्न करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा शासन की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से की गई प्रतीत होती है। शिकायत के आधार पर हुसैनगंज पुलिस ने एक्स यूजर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें। भर्ती से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत माध्यमों का ही सहारा लें।
