Hardoi News: सीतापुर के होटल में मिली शिक्षिका का शव, ग्राम विकास अधिकारी की पत्नी थीं; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
हरदोई के टोंडरपुर ब्लॉक में तैनात ग्राम विकास अधिकारी की शिक्षिका पत्नी का शव सीतापुर के एक होटल के कमरे में मिला। शुरुआती जांच में जहरीला पदार्थ खाने की आशंका, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी।
हरदोई, अमृत विचार। हरदोई के टोंडरपुर ब्लॉक में तैनात एक ग्राम विकास अधिकारी की शिक्षिका पत्नी का शव सीतापुर के एक होटल के कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया। शुरुआती जांच में जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
दो दिन तक होटल के कमरे से बाहर नहीं निकलीं
जानकारी के अनुसार, हरदोई शहर की आवास विकास कॉलोनी निवासी अनुपमा पाण्डेय (47) लखीमपुर जिले में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं। उनके पति अमित पाण्डेय हरदोई के टोंडरपुर ब्लॉक में ग्राम विकास अधिकारी हैं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले करीब पांच वर्षों से अनबन चल रही थी, जिसके चलते अनुपमा सीतापुर में रहकर लखीमपुर में नौकरी कर रही थीं। बताया गया कि बुधवार सुबह वह सीतापुर बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल पहुंचीं और कमरा नंबर-201 में ठहरीं। होटल कर्मचारियों के अनुसार, इसके बाद वह कमरे से बाहर नहीं निकलीं।
दरवाजा तोड़ने पर बेड पर मिला शव
शुक्रवार को कमरे की सफाई के लिए कर्मचारियों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया तो अनुपमा पाण्डेय का शव बेड पर पड़ा मिला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस कर रही जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका सामने आई है, लेकिन मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही होगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और क्या किसी अन्य पहलू की भी भूमिका है। अधिकारियों का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
