Raebareli News : खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, पनीर-खोया-घी समेत 11 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रायबरेली, अमृत विचार। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापक जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से पनीर, खोया, घी, दूध और सरसों के तेल सहित कुल 11 खाद्य नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

सलोन मार्ट से लिए गए 10 सर्विलांस नमूने

खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त द्वितीय मानिकचंद सिंह के निर्देश पर वार्षिक निगरानी योजना 2025-26 के तहत टीम ने सलोन स्थित सलोन मार्ट में छापेमारी की। यहां से अमूल पनीर, अमूल खोया, अमूल मोती मिल्क, नमस्ते इंडिया गाय घी और नमस्ते इंडिया देशी घी सहित कुल 10 सर्विलांस नमूने लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

दूध और सरसों के तेल का भी लिया गया नमूना

अभियान के दौरान माही एजेंसी के वाहन से परिवहन किए जा रहे मधुसूदन डबल टोंड मिल्क का एक विधिक नमूना भी अधिकारियों ने संग्रहित किया। वहीं, जगतपुर-इलाहाबाद रोड स्थित बिंदेलाल की किराना दुकान के निरीक्षण में खुले सरसों के तेल का नमूना लिया गया। साथ ही करीब 3.5 लीटर सरसों का तेल जब्त कर सुरक्षित रख दिया गया, ताकि जांच रिपोर्ट आने तक उसका विक्रय न किया जा सके।

रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि सभी नमूनों की जांच अधिकृत प्रयोगशाला में कराई जाएगी। यदि किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

संबंधित समाचार