राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड : अखिलेश यादव का भाजपा पर परोक्ष हमला, बोले- 'असली पापी' सजा से नहीं बचेंगे

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर अखिलेश यादव ने भाजपा नेतृत्व पर परोक्ष निशाना साधते हुए कहा कि 'असली पापी' अपने कर्मों की सजा से नहीं बचेंगे। जानिए उन्होंने एक्स पर क्या लिखा।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेतृत्व पर परोक्ष रूप से तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले का सच एक दिन सामने आकर रहेगा और "असली पापी" अपने कर्मों की सजा से नहीं बच पाएंगे।

शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर किए गए पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा, "आख़िरकार सुरंगजीवियों को बाहर आना ही पड़ा, क्योंकि अब अपयश का पानी सुरंग में गले तक भर गया है।"

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि 140 करोड़ देशवासी और दुनिया भर से चंदा-दान देने वाले सनातनी यह जानना चाहते हैं कि हर मुद्दे पर आगे रहने वाले लोग इस गंभीर मामले में स्वयं सामने क्यों नहीं आए और अपने से पीछे वाले लोगों को आगे क्यों कर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि क्या "महापाप" के दोष और जनता के आक्रोश से बचने के लिए यह रणनीति अपनाई गई है, ताकि किसी दूसरे से सफाई दिलवाई जा सके। सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि जो लोग अब तक षड्यंत्र रचते रहे, वे अब एक-दूसरे की मुखबिरी करने लगे हैं। उनके अनुसार, आपसी बंटवारे की लड़ाई कई छिपे हुए राज खोल सकती है।

'सत्य' देगा पापों की सजा, अयोध्या भी नहीं करेगी माफ : अखिलेश

अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि जो लोग "सेंध लगाकर, बोरी भरकर सुरंग के रास्ते बहुत दूर निकल गए हैं", वे याद रखें कि जहां यह भूमिगत रास्ता समाप्त होगा, वहां "सत्य" उनके पापों की सजा देने के लिए इंतजार कर रहा होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को न अयोध्या क्षमा करेगा, न देश और न ही वह परम प्रभु, जिसके खजाने को बेरहमी, बेदर्दी और बेशर्मी से लूटने का आरोप उन्होंने लगाया।

गौरतलब है कि अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र से जुड़े कुछ मुद्दे सार्वजनिक चर्चा का विषय बने हुए हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक भाजपा या संबंधित पक्ष की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

संबंधित समाचार