Prayagraj News : युवक की मौत मामले में सपा विधायक हकीम लाल समेत पांच पर एफआईआर, एक महिला हिरासत में
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक हकीम लाल बिंद समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, विधायक ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया है।
पुलिस के अनुसार, गंगानगर जोन के हंडिया थाना क्षेत्र के बनपुरवा सरायपीठा गांव निवासी सुनील का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद परिजनों की तहरीर के आधार पर हंडिया थाने में एफआईआर दर्ज की गई, जिसमें सपा विधायक हकीम लाल बिंद सहित पांच लोगों को नामजद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच तेज कर दी गई है। नामजद आरोपियों में शामिल गौरी नाम की एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
गंगानगर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हकीम लाल बिंद बोले- राजनीतिक कारणों से फंसाया जा रहा
उधर, सपा विधायक हकीम लाल बिंद ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को निराधार बताते हुए कहा कि उनका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से उन्हें इस मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है। विधायक ने कहा कि उन्हें कानून और जांच एजेंसियों पर पूरा भरोसा है तथा निष्पक्ष जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।
