Lucknow News : सो रही मासूम को अगवा कर दुष्कर्म, तालाब किनारे मिली घायल
मां की तहरीर पर रहीमाबाद थाने में रिपोर्ट, आरोपी गया जेल
संवाददाता, मलिहाबाद, अमृत विचार: रहीमाबाद में गुरुवार रात घर में सो रही चार वर्षीय बच्ची को युवक उठा ले गया। उसके बाद गांव के बाहर तालाब के पास आरोपी ने दुष्कर्म किया। बिस्तर से बच्ची को गायब देख परिवारवालों ने ग्रामीणों के साथ खोजबीन शुरु की। तलाश के दौरान परिजन तालाब के पास पहुंचे। वहां बच्ची के साथ गलत हरकत करते देख आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया। आरोपी की धुनाई कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया। इंस्पेक्टर रहीमाबाद अरुण कुमार त्रिगुणायक ने बताया कि मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार को एडीसीपी उत्तरी ट्विंकल जैन ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले पति की सड़क हादसे में मौत हो गयी थी। वह अपने चार बच्चों के साथ रहती है। गुरुवार रात पीड़िता बच्चों संग घर में सो रही थी। रात करीब दस बजे वह दरवाजा वह दरवाजा उड़का कर शौच करने गयी थी। वापस लौटी तो बिस्तर से चार वर्षीय की बेटी गायब थी। उसने इधर-उधर देखा। तीनों बच्चों को उठाकर बेटी के बारे में पूछा। चींखपुकार सुनकर आसपड़ोस के लोग भी आ गए।
परिवार ने पड़ोसियों के साथ बेटी की खोजबीन शुरु की। इस दौरान पीड़िता को पड़ोसी गांव उमरावल के अमित मौर्य उर्फ रजनीश उर्फ कृष्णा पर शक हुआ। बताया कि उसे दिन में कई बार घर के पास मंडराता देखा था। शक होने पर परिजन, ग्रामीण व प्रधान प्रतिनिधि उमरावल गांव पहुंचे लेकिन संदिग्ध अमित घर पर नहीं मिला। इसके बाद परिजन ने डॉयल-112 पर सूचना दी। खोजबीन करते हुए ग्रामीण व परिजन करीब दो बजे गांव के बाहर एक तालाब के पास पहुंचे। बच्ची के साथ गलत हरकत देख ग्रामीणों ने चिल्लाया। शोर होने पर आरोपी भागने लगा।
लोगों ने उसे पकड़कर जमकर धुना। उसके बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस आरोपी अमित को पकड़कर थाने पहुंची। साथ ही बच्ची को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा। शुक्रवार को एडीसीपी उत्तरी ट्विंकल जैन पीड़ित परिवार के घर पहुंची। ग्रामीणों व परिजन से बात करने के बाद घटनास्थल का मुआयना किया। एडीसीपी ने पीड़ित परिवार को आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस ने मां की तहरीर पर अगवा कर दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट व एससीएसटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया है।
पुरानी अपराधी है आरोपी, दर्ज हैं आठ मामले
इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने बताया कि आरोपी अमित पर लूट, हत्या का प्रयास, चोरी, गुडां एक्ट, एससीएसटी एक्ट समेत करीब आठ मामले माल थाने व रहीमाबाद थाने में दर्ज हैं। वर्ष 2021 में आरोपी के खिलाफ माल थाने में घर में घुसकर किशोरी से छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट, एससीएसटी एक्ट का मामला दर्ज हुआ था। एक साल बाद माल पुलिस ने उसके खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की थी।
