Moradabad News : नौकरी दिलाने के नाम पर 1.30 लाख की ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार, रुपये मांगने पर की थी फायरिंग

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपियों को दबोचा, ठगी के बाद रुपये लौटाने की मांग पर पीड़ित को धमकाया और की थी गोलीबारी

नौकरी दिलाने के नाम पर 1.30 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों ने रुपये वापस मांगने पर पीड़ित पर फायरिंग भी की थी।

मुरादाबाद, अमृत विचार : थाना सिविल लाइंस पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से कथित तौर पर एक लाख तीस हजार की ठगी करने और रुपये वापस मांगने पर मारपीट व फायरिंग करने के आरोप में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपियों पर आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई।

सिविल लाइन थाना के प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि पुलिस के अनुसार फतेहपुर निवासी महेंद्र कुमार ने नौ जुलाई को थाना सिविल लाइन में पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया था कि अक्षय, काव्यांश, दीपक, सूरज बोहरा, गुलशेर ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक लाख तीस हजार रुपये अलग अलग अकाउंट में लिए थे। जब उन्होंने और अन्य लोगों ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

शिकायत के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं जोड़ी गई है। पुलिस मामले में गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

संबंधित समाचार