Moradabad News : मां-बेटे की डबल मर्डर मिस्ट्री सुलझी, देवर गिरफ्तार; पति की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बेटे के सामने मां की हत्या का विरोध करने पर पिता व चाचा ने बेटे को भी लगाया ठिकाने

मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र में मां-बेटे की दोहरी हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मृतका के देवर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार पति की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

मुरादाबाद, अमृत विचार : पाकबड़ा पुलिस ने थाना क्षेत्र के गांव मोढ़ा में मां-बेटे के डबल मर्डर मामले का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश मृतका के देवर जयराम ने रची थी। पुलिस ने जयराम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी पति जसराम की तलाश में उसके संभावित रिश्तेदारियों और अन्य ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

शुक्रवार को पाकबड़ा थाना प्रभारी सुनील कमार ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी जयराम ने बताया कि मृतका सीमा के मोबाइल पर अन्य लोगों से बातचीत करने को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। इस बात को लेकर उसे कई बार समझाया गया था और पति जसराम ने भी कई बार उसके साथ मारपीट की थी। जांच में संपत्ति विवाद का पहलू भी सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, जयराम ने अपने भाई जसराम के गांव स्थित मकान का हिस्सा तीन लाख रुपये में खरीदा था। इसमें 60 हजार रुपये का भुगतान किया जा चुका था, जबकि बचे 2.40 लाख रुपये को लेकर सीमा लगातार दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद होता था। पकड़े गए जयराम ने बताया कि जसराम अपने परिवार लेकर अगवानपुर में किराए के मकान में रहने लगा था, लेकिन भाभी सीमा कभी फोन पर तो कभी गांव आकर खरी खोटी सुनाती थी।

उधर गांव और अपनों से दूर जसराम पत्नी से परेशान हो चुका था। जसराम ने अपने भाई जयराम को सीमा के फोन पर अन्य लोगों से बातचीत करने और घरेलू विवाद की जानकारी दी थी। इसके बाद दोनों भाइयों ने मिलकर सीमा की हत्या की साजिश रची और सीमा व उसके बेटे को मंगलवार को गांव चलने के बहाने जसराम मोढ़ा ले आया।

हत्या करने के इरादे से पहले से ही जयराम वहां मौजूद था। दोनों ने मिलकर पहले सीमा का गला रेत दिया और फिर पेट्रोल डालकर चेहरा जला दिया। अपनी मां की हत्या करते देखकर बेटा अंकुश विरोध करने लगा जिसके बाद राज खुलने के डर से पिता जसराम और चाचा जयराम ने अंकुश की भी हत्या कर दी थी।

मां व बेटे के दोहरे हत्या के मामले के साजिशकर्ता जयराम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है। फरार आरोपी मृतका के पति जसराम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द जसराम भी पकड़ लिया जाएगा... कुमार रणविजय सिंह पुलिस अधीक्षक नगर।

संबंधित समाचार