Google Drive पर चचेरी बहनों समेत 15 बच्चियों के आपत्तिजनक वीडियो अपलोड, NCRP की गुमनाम सूचना से कानपुर में आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

Google से मिली तकनीकी जानकारी के आधार पर चमनगंज पुलिस आरोपी तक पहुंची, अब अन्य वेबसाइटों पर सामग्री अपलोड होने की भी जांच।

उत्तर प्रदेश के कानपुर में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है। चमनगंज पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर अपनी चचेरी बहनों समेत 15 बच्चियों के आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें Google Drive पर अपलोड करने का आरोप है।

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है। चमनगंज पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर अपनी चचेरी बहनों समेत 15 बच्चियों के आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें Google Drive पर अपलोड करने का आरोप है। इस मामले का खुलासा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर मिली एक गुमनाम सूचना के बाद हुआ। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने यह सामग्री अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या वेबसाइटों पर भी साझा की थी या नहीं।

एडीसीपी सेंट्रल अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े साइबर अपराधों की टिप लाइन पर सूचना मिलने के बाद सेंट्रल जोन साइबर पुलिस की दो टीमों को जांच में लगाया गया। तकनीकी जांच के दौरान Google ने जांच एजेंसियों के साथ आवश्यक जानकारी साझा की। ई-मेल आईडी, मोबाइल के IMEI नंबर और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे चमनगंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बच्चों के डायपर का कारोबार करता है। जांच में सामने आया कि उसने अपनी 14 वर्षीय और 8 वर्षीय चचेरी बहनों समेत परिवार और मोहल्ले की कई बच्चियों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री रिकॉर्ड कर Google Drive पर अपलोड की थी। शुरुआती जांच में 15 बच्चियों से जुड़ी सामग्री सामने आई है।

पुलिस अब आरोपी के मोबाइल, ई-मेल और अन्य डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच करा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं यह सामग्री किसी अन्य वेबसाइट, सोशल मीडिया या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तो साझा नहीं की गई। मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार