श्रावस्ती में 17 साल की किशोरी संदिग्ध हालात में लापता, राप्ती नदी में तलाश जारी
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के जोगनी गांव से सोमवार शाम किशोरी लापता हुई। परिजनों ने पुराने विवाद को लेकर गांव के एक व्यक्ति पर उसे नदी किनारे ले जाकर गायब करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच के साथ राप्ती नदी में किशोरी की तलाश करा रही है।
श्रावस्ती, अमृत विचार: भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खर्च के माजरा जोगनी निवासी एक किशोरी सोमवार शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। माता पिता ने पुराने विवाद में गांव निवासी पर अपनी पुत्री को मारकर राप्ती नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस नदी में किशोरी की तलाश करा रही है।
जोगनी निवासी तेजराम वर्मा पुत्र बाबूराम का गांव निवासी रमेश वर्मा पुत्र बुद्दिलाल वर्मा से नाली का पानी निकालने को लेकर सोमवार को विवाद हुआ था। आरोप है कि रमेश ने तेजराम की पत्नी का बाल पकड़ कर मारा पीटा था। दंपति ने भिनगा कोतवाली जाकर इसका मुकदमा भी दर्ज कराया। शाम को दम्पति वापस लौटे तो उनकी पुत्री प्रतिभा (17) घर से संदिग्ध परिस्थितियों में नदारद थी।
दंपत्ति का आरोप है कि रमेश ने उसकी पुत्री को मारकर राप्ती नदी में फेंक दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस नदी में किशोरी की तलाश करा रही है। परिजनों के अनुसार प्रतिभा इंटरमीडिएट फाइनल की छात्रा थी।
यह भी पढ़ेंः स्कूल यूनिफॉर्म के साथ हिजाब की मांग, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने क्यों खारिज की छात्रा की याचिका?
