बारिश से लखनऊ की सड़कें बदहाल: जगह-जगह गड्ढे, हजरतगंज-गोमती नगर में गिरकर चोटिल हो रहे लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में सोमवार सुबह बूंदाबांदी के बाद निकली धूप ने उमस बढ़ा दी। दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रही। शाम होते-होते राजधानी के कई इलाकों में तेज बारिश होने लगी। राजधानी के पुराने इलाकों में शाम करीब साढे़ चार बजे के आसपास जबरदस्त बरसात हुई। ऐशबाग, रकाबगंज, कुंडरी, खजुहा, नेहरूक्रास, शास्त्रीनगर, रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में करीब पौन घंटे बारिश जारी रही। बादल छाए रहे। जिससे पारे में मामूली गिरावट दर्ज की गई। 

करीब आधे घंटे बाद बारिश ने राजधानी के हजरतगंज, नरही, सिकंदरबाग, मीराबाई मार्ग समेत विभिन्न स्थानों पर बरसात होती रही। शाम करीब सात बजे तक बारिश होती रही। सड़कों पर जलभराव हुआ तो जरूर लेकिन जलनिकासी के बाद हालात सामान्य हो गए। देर शाम तक रुक-रुककर बारिश जारी रही। तापमान लगभग 1.2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 33.9 डिग्री हो गया, जो सामान्य के करीब था। न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी बादल छाए रहेंगे। हवा संग कुछ चरणों में बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है।

बारिश से शहर की सड़कों की बजड़ी उखड़ गयी है और जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इन खस्ताहाल सड़कों पर लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। हजरतगंज और गोमती नगर जैसे वीवीआईपी इलाकों में सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं। विभूति खंड, गोमती नगर विस्तार, इन्दिरा नगर, लालबाग, वृंदावन कालोनी, सरोजनीनगर के कई इलाकों में सड़कों के गड्ढों में बारिश का पानी भर गया है, जिससे लोगों को आवागमन में समस्या हो रही है।

Potholes everywhere

वृंदावन कालोनी में कई गलियां ऐसी हैं, जहां सड़क का नामोनिशान मिट चुका है। करोड़ों रुपये खर्च के बाद भी सड़कें जल्दी खराब होने से गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। नगर निगम बारिश से खराब हुईं सड़कों का सर्वे कराएगा।

मुख्य अभियंता ने सभी जोन के अभियंताओं से मांगी रिपोर्ट

नगर निगम के मुख्य अभियंता महेश वर्मा ने बारिश से खराब हुई सड़कों की सभी जोन के नगर अभियंताओं से सर्वे कराके रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बताया कि इसके बाद सड़कों का टेंडर कराके दीवाली से पहले खराब सड़कें बना दी जाएंगी। ये सड़कें 15वें वित्त और अवस्थापना निधि से बनाई जाएंगी। इसके अलावा नगर निगम ने इसके लिए अलग से बजट का प्रावधान किया है।

पैच वर्क और नई सड़कें भी बनाई जाएंगी

बारिश से खराब हुईं मरम्मत लायक सड़कों का नगर निगम पैच वर्क कराएगा। इसके अलावा पूरी तरह खराब हो चुकीं सड़कें नई बनाई जाएंगी। इसके लिए नगर निगम ने बजट में अलग से धनराशि का प्रावधान किया है। सड़कों की मरम्मत और नई सड़कें बनाने के लिए नगर निगम 271 करोड़ रुपये खर्च करेगा।

ये भी पढ़ें : 
डंपिंग यार्ड में फेंकी चॉकलेट के लिए लूट, कचरे से बीनकर घर ले गए लोग, वीडियो वायरल

संबंधित समाचार