UP News : नॉन-टीईटी शिक्षकों के लिए जल्द होगी विशेष TET परीक्षा, अपर मुख्य सचिव ने दिया आश्वासन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

उत्तर प्रदेश में सेवारत नॉन-टीईटी शिक्षकों के लिए जल्द विशेष TET परीक्षा आयोजित होगी। अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल को शासन की तैयारी की जानकारी दी।

बाराबंकी: अमृत विचार। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी और प्रदेश महामंत्री उमाशंकर सिंह के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा से मुलाकात कर मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप विशेष टीईटी परीक्षा आयोजित कराने की मांग रखी।

अपर मुख्य सचिव ने 16 जून के शासनादेश का हवाला देते हुए बताया कि इसी माह यूपीटीईटी का परिणाम जारी होने के बाद शेष सेवारत नॉन टीईटी शिक्षकों से आवश्यक सूचनाएं लेकर जल्द ही विशेष टीईटी परीक्षा कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों की सेवाएं सुरक्षित रखने के उद्देश्य से यह परीक्षा आयोजित करेगी।

प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी ने शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने और भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू सहित अन्य कल्याणकारी निर्णयों के लिए सरकार का आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल ने 1 अप्रैल 2005 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ, मध्यान्ह भोजन योजना के खातों का संचालन विद्यालय प्रबंध समिति से कराने और 69 हजार शिक्षक भर्ती में नियुक्त शिक्षकों की सेवा सुरक्षा की मांग भी रखी।

बैठक में प्रांतीय संयुक्त महामंत्री डॉ. अमित सिंह, मंडलीय मंत्री अजय शुक्ला, जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह, जिलाध्यक्ष हरे कृष्ण दुबे, अमित कुमार मिश्रा, राजेश सिंह ‘टोनी’, बलवंत सिंह, कुलदीप पाठक और संदीप शुक्ला सहित अन्य शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार