Prayagraj Triple Murder Case: सोते समय ईंट-पत्थरों से कूचकर एक ही परिवार के 3 लोगों की निर्मम हत्या, इलाके में दहशत
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (यमुनानगर क्षेत्र) से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। मेजा थाना इलाके के कुकुरकटवा गांव में मंगलवार की सुबह उस वक्त कोहराम मच गया, जब एक ही घर के तीन सदस्यों के लहूलुहान शव बरामद हुए। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मचा हुआ है।
चारपाई पर सो रहे थे पीड़ित, रात में हुआ हमला
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान 70 वर्षीय श्यामलाल (उर्फ कल्लू), उनकी पत्नी मंजू देवी और कल्लू की भाभी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह वारदात सोमवार की देर रात उस वक्त हुई, जब तीनों लोग अपने कच्चे मकान के बाहर सो रहे थे। हमलावरों ने बेहद क्रूरता दिखाते हुए तीनों के सिर पर ईंट या भारी पत्थरों से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
8.png)
मौके पर पहुंचे आलाधिकारी, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
मंगलवार सुबह जब पड़ोसियों की नजर घर के बाहर पड़े शवों पर पड़ी, तो चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते ग्रामीणों का हुजूम इकट्ठा हो गया। सूचना मिलते ही एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. अजय पाल शर्मा, डीसीपी गंगानगर विवेक चंद्र यादव और एसीपी मेजा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विभाग, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड को भी काम पर लगाया गया है। पुलिस ने पंचनामा भरकर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लूटपाट की संभावना कम, 'इस' एंगल पर भी जांच
अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती तौर पर यह मामला लूटपाट का नहीं लग रहा है, क्योंकि घर के अंदर का सामान सुरक्षित है। पुलिस आपसी रंजिश और पारिवारिक विवाद समेत कई बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि करीब एक महीने पहले परिवार की एक लड़की घर छोड़कर कहीं चली गई थी, जिसे लेकर घर में कलह चल रही थी। पुलिस इस थ्योरी को भी खंगाल रही है।
8.png)
पुलिस का बयान
"मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया गया है। हर संभावित पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। जल्द ही इस खूनी खेल का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।"
