Bareilly News : विवि की नई गाइडलाइन बनी बीए में पसंदीदा विषय चुनने की राह में रोड़ा

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बीए के विषयों को विश्वविद्यालय ने चार ग्रुपों में किया विभाजित

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में इन दिनों स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया चल रही है, लेकिन महाविद्यालयों में कला स्नातक के विषय संयोजन को लेकर जारी विश्वविद्यालय के नए नोटिफिकेशन ने बीए के विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ा दी है। 2026-27 के नए सत्र के दौरान बीए में अपने पसंदीदा विषय चुनने की चाह रखने वाले छात्र-छात्राओं को दिक्कत पेश आ रही है। इसकी वजह से कई छात्र-छात्राओं ने विषय तो चुन लिए हैं, मगर अभी तक शुल्क जमा नहीं किया है।

रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने कला स्नातक में विषयों के चयन को लेकर नई गाइड लाइन जारी की थी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीए के विषयों को चार ग्रुपों में विभाजित कर दिया था। पूर्व की गाइडलाइन के मुताबिक बीए में दो मेजर विषयों व तीसरे माइनर विषय का चयन अन्य किसी संकाय से करने की छूट होती थी, मगर विवि ने विषयों को चार ग्रुपों में बांट दिया है। अब किसी भी एक ग्रुप से अधिकतम एक विषय का चयन किया जा सकता है। नई गाइड लाइन की वजह से बच्चों को विषय चुनने में दिक्कत पेश आ रही है। प्रवेश नियंत्रक एके सिंह ने बताया कि छात्रों को आ रही परेशानी को लेकर विवि प्रशासन को अवगत कराया गया है। उम्मीद है कि विश्वविद्यालय की तरफ से नया नोटिफिकेशन जारी किया जाए।

आज से जोर पकड़ेगी प्रवेश प्रक्रिया
बरेली कॉलेज में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीकॉम ऑनर्स, बीसीए, बीबीए की 5 हजार से ज्यादा सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। काउंसलिंग कराने के लिए बड़ी तादाद में छात्र-छात्राएं पहुंच तो रहे हैं, कई दस्तावेजों के अभाव में बहुत सारे छात्र-छात्राओं की काउंसलिंग और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया अधूरी है। शनिवार तक 643 छात्र-छात्राओं ने शुल्क जमा कर दिया था। बीकॉम में 183, बीए में 284, बीएससी बायो में 44, बीएससी गणित में 54, बीकॉम ऑनर्स में 45, बीसीए में 33 छात्र-छात्राओं ने काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी कराकर शुल्क जमा कर दिया था। प्रवेश नियंत्रक डॉ. एके सिंह ने बताया कि छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की दिक्कत से बचाने के लिए लगातार प्रवेश समिति से सदस्य नजर रख रहे हैं। सोमवार को प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहेगी।

संबंधित समाचार