जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर कार्रवाई पर फिलहाल रोक, 12 दिन बाद छात्रों का धरना खत्म; अजय राय बोले- यह विद्यार्थियों की जीत

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

मुरादाबाद मंडल आयुक्त की अदालत ने अगले आदेश तक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगाई। फैसले के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय विश्वविद्यालय पहुंचे और छात्रों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी।

रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर फिलहाल अंतरिम रोक लगने के बाद पिछले करीब 12 दिनों से चल रहा छात्रों का धरना-प्रदर्शन मंगलवार को समाप्त हो गया। मुरादाबाद मंडल आयुक्त की अदालत ने विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से दाखिल आवेदन स्वीकार करते हुए अगले आदेश तक किसी भी प्रकार की बुलडोजर कार्रवाई पर रोक लगा दी है।

फैसले के बाद सोमवार देर शाम उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और पार्टी के प्रांतीय प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम विश्वविद्यालय पहुंचे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से मुलाकात की, मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी और इस फैसले को विद्यार्थियों की जीत बताया।

15 जुलाई को जारी हुआ था ध्वस्तीकरण आदेश

रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने 15 जुलाई को विश्वविद्यालय परिसर की 40 में से 38 इमारतों को बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्मित बताते हुए उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम, 1973 की धारा 27(1) के तहत ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया था। इसके विरोध में विश्वविद्यालय के छात्र लगातार धरने पर बैठे हुए थे।

छात्र बोले- स्थायी राहत मिलने तक चिंता बनी रहेगी

धरने में शामिल छात्र कलीम तुर्क ने कहा कि अदालत के फैसले से छात्रों में राहत और खुशी है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल केवल अंतरिम रोक लगी है। यदि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी तरह निरस्त हो जाए तो छात्र निश्चिंत होकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे।

अजय राय ने सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि विश्वविद्यालय पर बुलडोजर कार्रवाई पर रोक लगना छात्रों की जीत है। उन्होंने दावा किया कि हाल के छात्र आंदोलनों के बाद देशभर के युवाओं में नया उत्साह है और सरकार दबाव महसूस कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी राजनीतिक विवाद की वजह से किसी शिक्षण संस्थान को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। उनके अनुसार विश्वविद्यालय शिक्षा का केंद्र होता है और ऐसे संस्थानों को निशाना बनाया जाना उचित नहीं है।

तजीन फातिमा से भी की मुलाकात

रामपुर दौरे के दौरान अजय राय ने विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की पत्नी तजीन फातिमा से भी मुलाकात की। इस दौरान विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न मामलों पर चर्चा हुई।

अदालत ने सुनवाई टालते हुए दी अंतरिम राहत

मुरादाबाद मंडल आयुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि एक अधिवक्ता के निधन के कारण मंगलवार को शोकसभा के चलते सुनवाई नहीं हो सकी। विश्वविद्यालय की ओर से दाखिल आवेदन स्वीकार करते हुए अगले आदेश तक परिसर में किसी भी प्रकार की ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगाने का आदेश दिया गया है।

यह भी पढ़ेंः Rampur News : डॉ. तजीन बोलीं, जौहर विवि के लिए आखिरी सांस तक लड़ेंगे

संबंधित समाचार