KGMU कर्मचारी परिषद की कार्यकारिणी भंग, नए चुनाव का रास्ता साफ; 2153 मतदाताओं की अनंतिम सूची जारी
फर्म्स, सोसाइटीज एंड चिट्स विभाग ने 2024-25 की प्रबंध समिति की सूची निरस्त की, आपत्तियों के बाद जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
लखनऊ, अमृत विचार : केजीएमयू कर्मचारी परिषद में लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच नए चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। फर्म्स, सोसाइटीज एंड चिट्स विभाग ने परिषद की मौजूदा कार्यकारिणी को भंग करते हुए वर्ष 2024-25 की प्रबंध समिति की सूची तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी है। साथ ही सोसायटी रजिस्ट्रेशन अधिनियम के प्रावधानों के तहत नए सिरे से चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं।
डिप्टी रजिस्ट्रार अवनीश कुमार सिंह की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जांच के दौरान 24 मई 2024 को प्रस्तुत प्रबंध समिति की सूची में तथ्यों को छिपाने और असत्य दस्तावेजों का सहारा लेने के प्रमाण मिले। इसी आधार पर विभाग ने सूची को निरस्त करते हुए वर्तमान प्रबंध समिति को कालातीत घोषित कर दिया।
2153 सदस्यों की अनंतिम सूची जारी
चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए विभाग ने 21 अगस्त 2024 को प्राप्त 2153 सदस्यों की सूची को अनंतिम सदस्य (मतदाता) सूची के रूप में सार्वजनिक कर दिया है। इस सूची पर संबंधित पक्षों से आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
विभाग के आदेश के अनुसार अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद कर्मचारी परिषद के चुनाव कार्यक्रम, नामांकन और मतदान की तिथियों की घोषणा की जाएगी। विभाग के इस फैसले के बाद केजीएमयू कर्मचारी परिषद में चुनावी सरगर्मियां तेज होने और नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है।
