लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर फिर उखड़ी सड़क, NHAI ने बैठाई जांच; हटाए गए 3 इंजीनियर

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

उन्नाव। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के एक महीने के भीतर सड़क की सतह खराब होने की अन्य घटना सामने आने के बाद मामले की जांच के आदेश दिए हैं और जांच पूरी होने तक तीन अभियंताओं को कार्य से हटा दिया गया है।

अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। लगभग 4,200 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 13 जुलाई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में किया था। अगले दिन इसे यातायात के लिए खोल दिया गया था। 

कुरारी के पास संपर्क मार्ग पर फिर आई तकनीकी खराबी

एनएचएआई के परियोजना निदेशक नकुल प्रकाश वर्मा ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा कि हालिया तकनीकी खामी उन्नाव जिले के कुरारी के निकट पुल की संरचना में नहीं, बल्कि पुल तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग पर सामने आई है। उन्होंने कहा कि पहले मरम्मत किए गए 20 मीटर लंबे हिस्से के निकट फिर से क्षति दिखाई देने के बाद प्राधिकरण ने पूरे 220 मीटर लंबे संपर्क मार्ग की मरम्मत कराने का निर्णय लिया है। वर्मा ने बताया कि कुरारी टोल प्लाजा के निकट मार्ग परिवर्तन कर दिया गया है। मरम्मत का कार्य दो दिन में पूरा होने की उम्मीद है, जिसके बाद यातायात सामान्य रूप से संचालित होगा।

'इसे पांच अलग-अलग सड़क धंसने की घटनाएं कहना सही नहीं' 

उन्होंने कहा कि इन घटनाओं को सड़क धंसने के पांच अलग-अलग मामले बताना उचित नहीं होगा, क्योंकि अधिकांश क्षति उसी संपर्क मार्ग तक सीमित रही है। वर्मा ने कहा कि मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है। उसकी रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक कार्रवाई के तौर पर प्राधिकरण ने तीन अभियंताओं को कार्य से हटा दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि निर्माण के दौरान मजबूती और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 'ऑटोमेटेड इंटेलिजेंस मशीन गाइडेड कंस्ट्रक्शन' जैसी प्रौद्योगिकी का उपयोग किया गया था। 

यह भी पढ़ें:-बांकीपुर उपचुनाव : 15वें राउंड तक प्रशांत किशोर 8,202 वोटों से आगे, जन सुराज कार्यालय में जश्न शुरू

संबंधित समाचार